टीकमगढ़। मोटरसाइकिल साइड में लगाने को लेकर हुए विवाद में युवक की मारपीट कर हत्या करने वाले आरोपियों को पुलिस ने घटना के महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 18 मई 2026 को मर्ग क्रमांक 25/26 धारा 194 बी.एन.एस.एस. के तहत मृतक अमित पिता अशोक विश्वकर्मा उम्र 25 वर्ष निवासी नंदबाग कॉलोनी चेतन धाम थाना बाड़गंगा, इंदौर की डॉयरी जांच हेतु प्राप्त हुई थी। जांच के दौरान साक्षियों के कथन, मर्ग इंटीमेशन, शव पंचनामा, पीएम एवं एफएसएल रिपोर्ट, सफीना फार्म, शॉर्ट पीएम रिपोर्ट तथा चश्मदीद गवाहों के बयानों के आधार पर सामने आया कि आरोपी सौरभ लोघी, रामकिशन लोघी, राजकुमार अहिरवार निवासी छीपोन तथा राहुल लोघी एवं बहादुर लोघी निवासी मवई ने मृतक अमित विश्वकर्मा और उसके साथियों के साथ मोटरसाइकिल साइड लगाने की बात को लेकर विवाद किया था।
विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने मृतक के साथ लात-घूंसों, डंडों एवं लकड़ी की पटिया से मारपीट की, जिससे गंभीर रूप से घायल अमित विश्वकर्मा की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई।
जांच में प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर थाना देहात में आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 210/2026 धारा 103(1), 296(बी), 115(2), 351(3), 3(5) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई ने तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह कुशवाहा एवं एसडीओपी राहुल कटरे के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी देहात निरीक्षक चंद्रजीत यादव के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
पुलिस टीम ने लगातार प्रयास करते हुए घटना का खुलासा कर आरोपी सौरभ लोघी पिता रामकिशन लोघी उम्र 21 वर्ष, राजकुमार अहिरवार पिता राजाराम अहिरवार उम्र 20 वर्ष निवासी छीपोन, बहादुर उर्फ राजबहादुर पिता स्वामी प्रसाद लोघी उम्र 25 वर्ष निवासी अजनेरा हाल मवई तथा राहुल लोघी पिता विक्रम लोघी उम्र 20 वर्ष निवासी मवई को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।
सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी देहात निरीक्षक चंद्रजीत यादव, उपनिरीक्षक वीणा विश्वकर्मा, उपनिरीक्षक मयंक नगाइच (सायबर सेल), प्रधान आरक्षक अभय मिश्रा, सतीश शर्मा, रहमान खान (सायबर सेल), सुनील राय सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

