टीकमगढ़। खुशीपुरा आदिवासी बस्ती केशवगढ़ स्थित आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-2 में समर कैंप मेले का आयोजन बड़े उत्साह और धूमधाम के साथ किया गया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं, जिससे केंद्र में हर्षोल्लास का माहौल बना रहा।
सुबह 8:30 बजे बच्चों को पौष्टिक नाश्ता कराया गया। इसके बाद बच्चों को खेल-खिलौने, पुस्तकें एवं अन्य शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई। बच्चों ने खेलकूद और मनोरंजक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कार्यक्रम का निरीक्षण करने पहुंचे अधिकारियों ने आंगनबाड़ी केंद्र के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों को आंगनबाड़ी से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने परिवारजनों से भी बच्चों को नियमित रूप से आंगनबाड़ी भेजने और सहयोग करने की अपील की।
इस अवसर पर सरपंच श्रीमती शशि जैन ने भी कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता प्रियंका जैन, सहायिका रानी प्रजापति एवं रमकुमारी यादव की सराहना करते हुए बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए विशेष ध्यान देने की बात कही।

