नर्मदापुरम/हर में गणेशोत्सव शुरू हो गया है । इसके चलते शहर के कई स्थानों पर गणेश प्रतिमाएं स्थापित होने का सिलसिला भी जल्द शुरू होगा । इससे पहले पुलिस प्रशासन में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बैठक की। रविवार को एसडीओपी जितेंद्र पाठक ने शहर के डीजे संचालकों की गणेश स्थापना और विसर्जन पर डीजे बजाने को लेकर चर्चा की और नियम से डीजे संचालित करने के निर्देश दिए। थाना कोतवाली में डीजे संचालकों की मीटिंग में श्री पाठक ने डीजे संचालकों को निर्देश दिए गए कि गणेश जी की स्थापना एवं विसर्जन के समय डीजे का साउंड कम रखेंगे ताकि आम जनता को कोई तकलीफ न हो। साथ ही यह हिदायत भी दी गई कि यदि डीजे संचालक इन बातों पर अमल नहीं करते हैं और तेज़ आवाज़ में बजाते हैं तो डीजे जप्त कर कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान थाना प्रभारी गौरव बुंदेला भी मौजूद थे। इसके साथ ही डीजे संचालक अध्यक्ष गौरव गौर,गौतम यादव, अंकुश सहित कई डीजे संचालक उपस्थित रहे। इसके पहले भी पुलिस प्रशासन द्वारा शांति समिति की बैठक की गई थी जिसमें सड़क पर पंडाल और विसर्जन में डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध सहित अनेक विषयों पर चर्चा हुई थी और शांतिपूर्वक त्यौहार मनाने की अपील की गई थी।

