टीकमगढ़। होम्योपैथी एवं योग के प्रचार-प्रसार तथा 23 सितंबर को मनाए जाने वाले 11वें आयुर्वेद दिवस के प्रति जागरूकता के लिए सेवा संकल्प अभियान एवं पोषण माह के अंतर्गत शुक्रवार को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लार बजरिया में योग शिविर का आयोजन किया गया।
संचालनालय आयुष भोपाल एवं कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय के निर्देशन तथा जिला आयुष अधिकारी डॉ. विनोद कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में शासकीय होम्योपैथिक औषधालय लार बुजुर्ग प्रभारी प्रदीप कुमार चतुर्वेदी ने छात्र-छात्राओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया।
शिविर में चित्रकला, औषधीय पौधों का रोपण, योगाभ्यास कराया गया। मौसमजन्य रोगों में औषधीय पौधों व किचन के मसालों से उपचार, पोषण आहार एवं योग के महत्व की जानकारी दी गई। साथ ही निशुल्क होम्योपैथिक दवा का वितरण किया गया, जिसमें 82 लोग लाभान्वित हुए।
विद्यालय की प्रभारी प्राचार्य श्रीमती किरण चतुर्वेदी, विकास जैन सहित समस्त स्टाफ का विशेष योगदान रहा।

