टीकमगढ़। ईद-उल-अजहा (बकरीद) का पर्व इस वर्ष 28 मई गुरुवार को मनाया जाएगा। इस अवसर पर जिले की ईदगाहों और विभिन्न मस्जिदों में सुबह विशेष नमाज अदा की जाएगी तथा देश में अमन-चैन, खुशहाली और भाईचारे के लिए दुआएं मांगी जाएंगी।
इस्लामिक कैलेंडर के अनुसार जिलहिज्जा माह के चांद दिखने के बाद ईद-उल-अजहा की तारीख तय होती है। यह पर्व इस्लाम धर्म के प्रमुख त्योहारों में से एक माना जाता है, जो कुर्बानी, त्याग और इंसानियत का संदेश देता है। इस दिन मुस्लिम समुदाय द्वारा हलाल जानवर की कुर्बानी देने की परंपरा निभाई जाती है।
इस्लामी मान्यता के अनुसार ईद-उल-अजहा, ईद-उल-फितर के लगभग दो महीने नौ दिन बाद मनाई जाती है। इस्लामिक कैलेंडर में महीनों की अवधि 29 या 30 दिन की होती है, जो चांद दिखाई देने पर निर्भर करती है।
सुबह 7:30 बजे ईदगाह में होगी मुख्य नमाज
जिला अंजुमन इस्लामिया टीकमगढ़ के सदर हाजी मोहम्मद रज्जाक द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी ईद-उल-अजहा की मुख्य नमाज 28 मई को सुबह 7:30 बजे ईदगाह में अदा की जाएगी।
विभिन्न मस्जिदों में नमाज का समय
सुबह 7:45 बजे:
जामा मस्जिद, बड़ा मजार, मऊचुंगी कादरी मस्जिद, भिश्तियान मस्जिद, पुराना बस स्टैंड स्थित नूरानी मस्जिद में नमाज अदा की जाएगी।
सुबह 8:00 बजे:
शेखों की मस्जिद, सुल्तान खां मस्जिद, बड़ी तकिया मस्जिद, नजाई की मस्जिद, चिश्तिया मस्जिद, हाजरा मस्जिद, फैजाने अहले बैत और मदीना मस्जिद में नमाज अता की जाएगी।
समय का विशेष ध्यान रखने की अपील
जिला अंजुमन इस्लामिया ने सभी लोगों से नमाज के निर्धारित समय का विशेष ध्यान रखने की अपील की है। साथ ही बताया गया है कि यदि बारिश होती है तो ईद की नमाज संबंधित मस्जिदों में अदा की जाएगी।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

