टीकमगढ़। “पेड़ लगाओ, पर्यावरण बचाओ” के संदेश के साथ विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर रेडक्रॉस सोसाइटी शाखा टीकमगढ़ द्वारा एक विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इसमें पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में अभूतपूर्व योगदान देने वाले पर्यावरण मित्रों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में टीकमगढ़ ट्रैफिक प्रभारी इंस्पेक्टर कैलाश पटेल को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। श्री पटेल ने अब तक 10,000 से अधिक पेड़ लगाए हैं और उन्हें संरक्षित करने का सराहनीय कार्य किया है। इसके साथ ही उन्होंने नालियों के गंदे पानी को फिल्टर कर पेड़ों को सींचने लायक बनाने की अनूठी पहल भी की है, जिससे शहर का पर्यावरण स्वच्छ हो रहा है।
सम्मानित होने वालों में सुशील प्रजापति एवं संतोष चतुर्वेदी भी शामिल रहे, जिन्होंने हजारों पेड़ लगाकर पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान दिया। रेडक्रॉस सोसाइटी ने सभी पर्यावरण मित्रों को सम्मानित करते हुए गौरव व्यक्त किया।
अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि हम लगातार प्रकृति से दूर होते जा रहे हैं, जिसके दुष्परिणाम प्राकृतिक आपदाओं के रूप में सामने आ रहे हैं। उन्होंने सभी से वृक्षारोपण करने और पेड़ों को बड़े होने तक संरक्षित करने का संकल्प दिलाया। कार्यक्रम के दौरान श्री कैलाश पटेल को पेड़ भेंट कर उनके उज्जवल भविष्य की कामना की गई।

