टीकमगढ़। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जतारा जनपद की ग्राम पंचायत केशवगढ़ में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। मोहनगढ़ थाना प्रभारी अंकित दुबे अपनी टीम सहित केशवगढ़ पहुंचे, जहां उन्होंने अमृत वाटिका में सरपंच प्रतिनिधि पुष्पेंद्र जैन एवं ग्रामीणों के साथ आम, अमरूद सहित विभिन्न पौधे लगाए तथा पौधों में पानी भी डाला।
इस अवसर पर थाना प्रभारी अंकित दुबे ने कहा कि पेड़ हमारे जीवन का आधार हैं और प्रत्येक व्यक्ति को अपनी मां के नाम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पेड़ों से हमें ऑक्सीजन मिलती है और मानव जीवन का हर चरण प्रकृति एवं वृक्षों से जुड़ा हुआ है।
सरपंच प्रतिनिधि पुष्पेंद्र जैन ने भी ग्रामीणों से अधिक से अधिक पौधे लगाने एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आने की अपील की। कार्यक्रम में ग्रामवासी एवं पुलिस टीम के सदस्य उपस्थित रहे।

