टीकमगढ़, 24 जून 2026
शहर के सिविल लाइन क्षेत्र स्थित सुभाष पुरम अस्पताल के सामने वाली सड़क पर कॉलोनी के अंदर डाली जा रही बड़ी सीवर लाइन का काम अधूरा पड़ा है। नाली खोदकर छोड़ देने से पूरे इलाके में भीषण कीचड़ और मिट्टी का अंबार लग गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मानसून शुरू हो चुका है और बारिश का पानी खोदे गए हिस्सों में भर गया है। हालात यह हैं कि मंदिर के बगल से डॉक्टर साहब के घर के सामने, सुनील भाई की गली से लेकर बबलू बुखारिया के मकान तक पूरी लाइन में पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है।
स्थानीय निवासियों की पीड़ा
मोहल्ले के लोगों ने बताया कि अभी तो बरसात की शुरुआत है, लेकिन कीचड़ इतना ज्यादा है कि बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। दोपहिया वाहन फिसल रहे हैं और पैदल चलने वालों के गिरने का खतरा बना हुआ है। लोगों को डर है कि अगर काम जल्द पूरा नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में स्थिति और बिगड़ जाएगी।
नगर पालिका से अपील
स्थानीय रहवासियों ने नगर पालिका प्रशासन से तत्काल ध्यान देने की अपील की है। उनका कहना है कि या तो खोदे गए हिस्से को तुरंत भरा जाए या सीवर लाइन का काम युद्धस्तर पर पूरा कर सड़क को चलने लायक बनाया जाए।
लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो मोहल्ले में रहना और निकलना दोनों मुश्किल हो जाएंगे, साथ ही जलभराव से बीमारी फैलने का भी खतरा बढ़ गया है।

