टीकमगढ़, 23 जून 2026। नगर पालिका परिषद टीकमगढ़ द्वारा स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट) विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन नगर पालिका परिषद के सभागार कक्ष में किया गया। इस अवसर पर ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन एवं निगरानी के लिए निकाय स्तरीय समिति का भी गठन किया गया।
कार्यक्रम समिति अध्यक्ष एवं प्रभारी नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती अंजली शर्मा के निर्देशन में आयोजित किया गया। मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री ओमपाल सिंह भदौरिया ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए नगर को स्वच्छ, सुंदर एवं कचरा मुक्त बनाने के लिए जनभागीदारी को आवश्यक बताया तथा स्रोत स्तर पर कचरे के पृथक्करण पर विशेष जोर दिया।
कचरा पृथक्करण, कंपोस्टिंग और प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन पर दी गई जानकारी
कार्यशाला में उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों, स्वच्छता कर्मियों एवं स्वच्छता मित्रों को गीले एवं सूखे कचरे के पृथक्करण, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, कंपोस्टिंग, प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन तथा वैज्ञानिक तरीके से कचरे के निस्तारण की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही स्वच्छ सर्वेक्षण में बेहतर प्रदर्शन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
वक्ताओं ने नागरिकों की सहभागिता बढ़ाने पर बल देते हुए कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। नगरवासियों से अपने घरों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में कचरे का पृथक्करण करने तथा स्वच्छ और स्वस्थ शहर के निर्माण में सहयोग देने की अपील की गई।
जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक संगठनों की रही सहभागिता
कार्यक्रम में सब्जी मंडी अध्यक्ष एवं पार्षद श्री हबीब राईन, साहू समाज के अध्यक्ष एवं पार्षद श्री महेश साहू, स्वच्छता प्रभारी श्री अजय यादव, श्री आज्जू गाड़े यादव, युवा महासभा अध्यक्ष श्री सचिन यादव, नगर पालिका के उपयंत्री एवं सदस्य सचिव श्री दीपक विश्वकर्मा, सेनेटरी इंस्पेक्टर श्री रौनक जैन, सफाई प्रभारी हवलदार श्री राकेश वाल्मीकि सहित स्वच्छता मित्र, स्वयं सहायता समूहों के सदस्य एवं नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
स्वच्छता के संकल्प के साथ हुआ समापन
कार्यक्रम का समापन “स्वच्छ टीकमगढ़ – स्वस्थ टीकमगढ़” के संकल्प के साथ किया गया। उपस्थित सभी लोगों ने नगर को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए सक्रिय सहभागिता निभाने का संकल्प लिया।

