टीकमगढ़/उज्जैन। मध्यप्रदेश शिक्षक संघ टीकमगढ़ के जिलाध्यक्ष प्रमोद कुमार नापित ने बताया कि 26, 27 एवं 28 जून 2026 को उज्जैन स्थित भव्य एवं विशाल विद्याभारती भवन (सम्राट विक्रमादित्य भवन) में आयोजित मध्यप्रदेश शिक्षक संघ के तीन दिवसीय प्रांतीय अभ्यास वर्ग का रविवार को सफलतापूर्वक समापन हुआ।
उन्होंने बताया कि प्रांतीय अभ्यास वर्ग में अखिल भारतीय शैक्षिक महासंघ के राष्ट्रीय संगठन मंत्री श्री महेंद्र कपूर, राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री श्री लक्ष्मण, मध्यप्रदेश शिक्षक संघ के प्रांत अध्यक्ष डॉ. क्षत्रवीर सिंह राठौर, प्रांतीय महामंत्री श्री राकेश गुप्ता, प्रांतीय उपाध्यक्ष श्री महेंद्र जैन, प्रांतीय सचिव श्रीमती संध्या नाईक, प्रांतीय कोषाध्यक्ष श्री पूनी सहित प्रदेश कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारी एवं प्रदेश के सभी जिलों के जिलाध्यक्ष, जिला सचिव, जिला कोषाध्यक्ष, जिला संगठन मंत्री तथा महिला जिला उपाध्यक्ष प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। प्रदेशभर से लगभग 450 पदाधिकारियों ने अभ्यास वर्ग में सहभागिता की।
संगठन की कार्ययोजना एवं विचारधारा पर हुआ मंथन
अभ्यास वर्ग में संगठन की संरचना, कार्यप्रणाली एवं आगामी वर्षभर संचालित होने वाले कार्यक्रमों पर विस्तृत चर्चा की गई। आरएसएस के जिला प्रचारक एवं सह विभाग प्रमुख सहित अन्य पदाधिकारियों ने विभिन्न बौद्धिक सत्रों को संबोधित करते हुए संगठन की विचारधारा, सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण तथा राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार रखे।
टीईटी अनिवार्यता पर जल्द होगा समाधान : महेंद्र कपूर
अखिल भारतीय शैक्षिक महासंघ के राष्ट्रीय संगठन मंत्री श्री महेंद्र कपूर ने शिक्षकों की टीईटी परीक्षा की अनिवार्यता के संबंध में कहा कि महासंघ इस विषय पर केंद्र एवं राज्य सरकारों से लगातार संपर्क बनाए हुए है। सरकारों ने शिक्षकों के हित में सकारात्मक निर्णय लेने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के शिक्षक इस विषय को लेकर चिंतित न हों, इसका समाधान शीघ्र निकाला जाएगा।
महाकाल एवं महाकाल लोक के दर्शन भी कराए गए
अभ्यास वर्ग के द्वितीय दिवस प्रतिभागियों के लिए भगवान श्री महाकालेश्वर एवं महाकाल लोक के दर्शन की विशेष व्यवस्था की गई। इस व्यवस्था का दायित्व उज्जैन संभाग के संभागीय अध्यक्ष एवं व्यवस्था प्रमुख श्री दिग्विजय सिंह चौहान ने संभाला।
सदस्यता अभियान को मजबूत बनाने का आह्वान
प्रांत अध्यक्ष डॉ. क्षत्रवीर सिंह राठौर ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार शिक्षक संघ की मांगों एवं सुझावों को गंभीरता से संज्ञान में लेती है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से आगामी सदस्यता अभियान में अधिक से अधिक शिक्षकों को जोड़कर संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के समापन पर मध्यप्रदेश शिक्षक संघ के सभी पदाधिकारियों ने सफल आयोजन के लिए आयोजक मंडल को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
टीकमगढ़ जिले से इस प्रांतीय अभ्यास वर्ग में जिलाध्यक्ष श्री प्रमोद कुमार नापित एवं जिला उपाध्यक्ष श्री नरेंद्र कुमार नरवरिया ने प्रमुख रूप से सहभागिता की।

