आमजन की समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता रखें अधिकारी: कलेक्टर सोमेश मिश्रा I
-
कलेक्टर ने जनसुनवाई में सुनीं 152 समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
-
एक सप्ताह के भीतर शिकायतों का निराकरण कर अद्यतन स्थिति रिपोर्ट सौंपने की हिदायत
नर्मदापुरम। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुसार समाज के हर व्यक्ति की समस्या को संवेदनशीलता के साथ सुनने और उनके त्वरित निराकरण के लिए शासन-प्रशासन प्रतिबद्ध है। इसी कड़ी में मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय के ‘रेवा सभाकक्ष’ में आयोजित जिला स्तरीय जनसुनवाई में कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने जिलेभर से आए आवेदकों की समस्याओं को बेहद गंभीरता से सुना।
इस जनसुनवाई में राजस्व, भूमि विवाद, अवैध कब्जा, सीमांकन, प्रधानमंत्री आवास योजना, शिक्षा, रोजगार, बिजली, पानी और स्वच्छता सहित विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 152 शिकायतें दर्ज की गईं। कलेक्टर ने संवेदनशीलता दिखाते हुए अधिकांश समस्याओं का निराकरण मौके पर ही कर दिया। वहीं, शेष लंबित प्रकरणों के लिए सभी विभाग प्रमुखों को कड़े निर्देश दिए कि एक सप्ताह के भीतर शिकायतों का निराकरण कर उसकी अद्यतन रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
जनसुनवाई के प्रमुख मामले और कलेक्टर के निर्देश:
-
सेवानिवृत्त कर्मचारी की गुहार पर तत्काल एक्शन:
सिवनी मालवा निवासी ओम प्रकाश शर्मा ने शिकायत की कि उन्हें सेवानिवृत्त हुए दो माह से अधिक का समय बीत चुका है, लेकिन अब तक भविष्य निधि (GPF) और अवकाश नकदीकरण (Leave Encashment) की राशि का भुगतान नहीं हुआ है। कलेक्टर श्री मिश्रा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) को नियमानुसार त्वरित कार्रवाई कर शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने के आदेश दिए।
-
छात्रा की टीसी रोकने वाले स्कूल पर समन्वय के निर्देश:
नर्मदापुरम की श्रीमती कुंती विश्वकर्मा ने अपनी पुत्री को अशासकीय विद्यालय द्वारा टीसी (स्थानांतरण प्रमाण पत्र) न दिए जाने की शिकायत की। स्कूल प्रबंधन का कहना था कि बकाया फीस जमा न होने के कारण टीसी रोकी गई है। कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) को निर्देशित किया कि वे स्कूल प्रबंधन से सहानुभूतिपूर्वक समन्वय स्थापित करें और न्यायसंगत निराकरण निकालें ताकि छात्रा की शिक्षा बाधित न हो।
-
पेंशन और किसान सम्मान निधि के लिए दिए निर्देश:
बनखेड़ी निवासी श्रीमती चंदनिया बाई ठाकुर ने बताया कि उन्हें पिछले दो वर्षों से ‘प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि’ और तीन माह से ‘वृद्धावस्था पेंशन’ का लाभ नहीं मिल रहा है। इस पर कलेक्टर ने जनपद पंचायत बनखेड़ी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) को पात्रता की जांच कर तुरंत लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
-
अभिलेख दुरुस्त करने के लिए 5 दिन की मोहलत:
माखन नगर निवासी केसरी सिंह ने कृषि भूमि के रिकॉर्ड को पोर्टल पर दुरुस्त कराने का आवेदन दिया। कलेक्टर ने तहसीलदार माखन नगर को आगामी 5 दिनों के भीतर इस त्रुटि को सुधारने के कड़े निर्देश दिए।
-
अनुकंपा नियुक्ति और सेठानी घाट हादसे में आर्थिक सहायता:
सिवनी मालवा के आशुतोष वाजपेई द्वारा अनुकंपा नियुक्ति का मामला उठाए जाने पर कलेक्टर ने प्रभारी अधिकारी स्थापना शाखा को पात्रता परीक्षण कर त्वरित प्रक्रिया पूरी करने को कहा। वहीं, भोजराज यादव द्वारा सेठानी घाट पर डूबने से मृत व्यक्ति के परिजनों को आर्थिक सहायता की मांग पर कलेक्टर ने अपर कलेक्टर नर्मदापुरम को तत्काल जांच कर नियमानुसार सहायता राशि स्वीकृत करने के निर्देश दिए।
प्रशासनिक अधिकारियों की रही गरिमामयी उपस्थिति
इस जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर सोमेश मिश्रा के साथ अपर कलेक्टर अनिल जैन, राजेश शुक्ला सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों ने जनसेवा को सर्वोपरि मानते हुए पीड़ितों की समस्याओं को सुना और उनके समय-सीमा में निराकरण का संकल्प लिया।

