जतारा। जनपद पंचायत जतारा की ग्राम पंचायत केशवगढ़ में ग्रामीणों को लंबे समय से हो रही पेयजल किल्लत से राहत मिली है। सरपंच श्रीमती शशि जैन के नेतृत्व में 10 जुलाई को गांव में पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए गए।
जिला कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय के मार्गदर्शन एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (PHE) विभाग के तत्कालीन अधिकारी अनिल लखेरा के सहयोग से ग्राम के विभिन्न मोहल्लों में तीन नए हैंडपंप स्थापित किए गए। इसके साथ ही मुख्य बाजार क्षेत्र के एक बोरवेल में मोटर पंप भी लगाया गया।
कार्यों के पूर्ण होने के बाद संबंधित क्षेत्रों में सुचारु रूप से पेयजल आपूर्ति शुरू हो गई है। इससे ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। ग्रामवासियों ने इस जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए सरपंच प्रतिनिधि पुष्पेंद्र जैन के प्रयासों की प्रशंसा की।
सरपंच प्रतिनिधि पुष्पेंद्र जैन ने बताया कि ग्राम पंचायत का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने जानकारी दी कि आगामी एक सप्ताह के भीतर गांव के विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर सीमेंट की कुर्सियां स्थापित की जाएंगी। इससे ग्रामीणों एवं गांव में आने वाले आगंतुकों को बैठने की बेहतर सुविधा मिल सकेगी।
ग्रामीणों ने पंचायत द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों पर प्रसन्नता जताई। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी इसी तरह जनहित और विकास के कार्य निरंतर जारी रहेंगे। पेयजल सुविधा मिलने से महिलाओं को विशेष राहत मिली है, जिन्हें पहले पानी के लिए दूर जाना पड़ता था।

