टीकमगढ़। मध्यप्रदेश शिक्षक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को नवागत जिला शिक्षा अधिकारी अमित जैन का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर संघ के पदाधिकारियों ने शिक्षकों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करते हुए 35 वर्षीय क्रमोन्नति वेतनमान के आदेश शीघ्र जारी करने की मांग रखी।
मध्यप्रदेश शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष प्रमोद कुमार नापित ने बताया कि प्रदेश के अधिकांश जिलों में 35 वर्षीय क्रमोन्नति वेतनमान के आदेश जारी किए जा चुके हैं, लेकिन टीकमगढ़ जिले में अब तक पात्र शिक्षकों को इसका लाभ नहीं मिल पाया है। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी से आग्रह किया कि शासन के निर्देशों के अनुरूप जिले के पात्र शिक्षकों के क्रमोन्नति वेतनमान के आदेश जल्द से जल्द जारी किए जाएं।
जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र नरवरिया, अरुण जैन एवं प्रदीप जैन ने भी इस मांग का समर्थन करते हुए कहा कि लंबे समय से शिक्षक इस आदेश की प्रतीक्षा कर रहे हैं। अन्य जिलों की तरह टीकमगढ़ में भी शीघ्र कार्रवाई होना आवश्यक है, ताकि शिक्षकों को समय पर उनका वैधानिक लाभ मिल सके।
इस दौरान मध्यप्रदेश शिक्षक संघ के माध्यमिक शिक्षक प्रकोष्ठ के जिला सचिव दीपचंद्र चढ़ार ने जानकारी दी कि संघ के जिला उपाध्यक्ष दिलीप जैन को आचार्य विशुद्ध सागर जी महाराज के संत साहित्य पर शोध कार्य के लिए डॉक्टरेट (पीएचडी) की उपाधि प्राप्त हुई है। इस उपलब्धि पर जिला शिक्षा अधिकारी अमित जैन ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में श्रीमती रितु भट्ट, विवेक यादव सहित मध्यप्रदेश शिक्षक संघ के अनेक पदाधिकारी एवं शिक्षक उपस्थित रहे।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

