शाहपुर/बैतूल। चौरिया कुड़मी (कुर्मी) महासभा का जिला स्तरीय सम्मेलन 29 दिसंबर को शाहपुर ब्लॉक के सोहागपुरढाना में आयोजित किया गया। सम्मेलन में कुर्मी समाज के हजारों सामाजिक बंधु उपस्थित रहे। इस अवसर पर कुर्मी समाज के पदाधिकारियों ने समाज में महिला सशक्तिकरण, एवं समाज की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के विषय पर चर्चा की। महिलाओं के लिए कढ़ाई, बुनाई, सिलाई प्रशिक्षण को लेकर सर्वसम्मति से सहमति जताई गई। सभापति अशोक पटेल (मयावानी), अध्यक्ष श्रीकेश पटेल (छुरी), उपाध्यक्ष रामअवतार वर्मा (सोहागपुरढाना) सचिव राम अवतार वर्मा (शाहपुर)की अध्यक्षता में बैठक संपन्न हुई। उन्होंने उपस्थित सामाजिक बंधुओं को संबोधित करते हुए कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण से ही समाज का विकास संभव है। इसलिए महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना जरूरी है। इसके लिए विभिन्न क्षेत्रों में उन्हें प्रशिक्षण की आवश्यकता है। इस दौरान समाज के घोड़ाडोंगरी एवं शाहपुर ब्लॉक के 18 गांव से सभी पटेलों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया।
— महिला सशक्तिकरण के लिए सामाजिक सहभागिता जरूरी–
समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने कहा कि महिलाएं विशेषकर ग्रहणियां, परिवार के विकास की मुख्य धुरी हैं। यदि परिवार की महिलाएं शिक्षित, जानकार व समझदार होती हैं तो परिवार स्वत: ही चमक जाता है एवं उन्नति करता है। परिवार की महिला, बिना परिवार, समाज एवं गांव के सहयोग से उन्नति नहीं कर सकती। महिला सशक्तिकरण के लिए परिवार के पुरुष सदस्यों का विशेष योगदान आवश्यक है। समाज के सहयोग से ही महिलाओं का सशक्तिकरण पूर्णरूपेण संभव है। सम्मेलन में समाज के लिए बनाई गई नियमावली पर भी विशेष रूप से चर्चा की गई। अभियान चलाकर शराबबंदी सहित सदस्यता अभियान को लेकर भी योजना बनाई गई।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722