शाहपुर। शासकीय संस्थाओं में संचालित भोजन इकाइयों में छात्र छात्राओं को सुरक्षित एवं स्वच्छ भोजन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए विकासखंड शाहपुर में बुधवार 4 जनवरी को खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम 2006 के अंतर्गत प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। प्रशिक्षण शिविर में प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला के स्व सहायता समूह तथा आंगनबाड़ी के सांझा चूल्हा के अध्यक्ष, सचिव एवं रसोइयों ने भाग लिया।
प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को भोजन बनाने के सही तरीके सिखाया जिससे भोजन के पोषक तत्व को शामिल किया जा सके। साथ ही भोजन में पोषक तत्वों को संजोए रखना, मिर्च-मसालों का प्रयोग, आयोडीन युक्त नमक का सही प्रयोग, फल-सब्जी काटने-धोने के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। भोजन को सही गुणवत्ता एवं सुरक्षित तरीके से तैयार करने के संबंध में बताया। प्रतिभागियों को खाद्य जनित रोगों के बारे में अवगत कराया गया। प्राथमिक शाला के बच्चों के लिए 100 ग्राम आटे में तीन-तीन रोटियां एवं माध्यमिक शाला के बच्चों के लिए 150 ग्राम आटे में पांच- पांच रोटियों को बनाकर बताया गया। खाद्यान्न का उठाव प्रतिमाह उचित मूल्य दुकान से करने के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम 2006 की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण कार्यक्रम में 326 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
प्रशिक्षण के दौरान अनुविभागीय अधिकारी शाहपुर श्री अनिल कुमार सोनी, तहसीलदार शाहपुर श्रीमती एंटोनिया एक्का, प्रधानमंत्री पोषण निर्माण योजना टास्क मैनेजर श्रीमती किरण पंवार, खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री संदीप पाटिल सहित महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

