टीकमगढ़। मध्य प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, गृह विभाग, मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार जिला मुख्यालय पर कलेक्ट्रेट कार्यालय के समीप झांसी रोड पर स्थित एक स्थानीय होटल में आयोजित सात दिवसीय आपदा मित्र प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रथम सत्र के अंतर्गत द्वितीय दिवस का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट श्री बी.पी. नामदेव ने प्रतिभागियों को विभिन्न आपदाओं के दौरान सुरक्षित बचाव के तरीके, भार उठाने के वैज्ञानिक नियमों तथा राहत कार्यों की तकनीकों की जानकारी दी। उन्होंने बचाव संबंधी विषयों का डेमो एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण भी कराया। इसके साथ ही रोप रेस्क्यू तकनीक एवं विभिन्न प्रकार की गठानों नॉट्स के उपयोग की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। दोपहर पश्चात प्रशिक्षक पीसी अमित दुबे ने अग्नि सुरक्षा के संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए अग्निशामक यंत्र फायर एक्सटिंग्विशर के सुरक्षित एवं प्रभावी उपयोग का प्रशिक्षण दिया। इसके उपरांत प्रतिभागियों को सीपीआर कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन की प्रक्रिया से अवगत कराया गया तथा उसका व्यावहारिक अभ्यास भी कराया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य आपदा मित्रों को आपदा की स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी राहत एवं बचाव कार्यों के लिए दक्ष बनाना है, जिससे वे आवश्यकता पड़ने पर आमजन की सहायता कर सकें।

