टीकमगढ़। जतारा जनपद की ग्राम पंचायत केशवगढ़ इन दिनों विकास कार्यों को लेकर चर्चा में है। सरपंच श्रीमती शशि जैन के नेतृत्व में गांव में अंडरग्राउंड नाली एवं सीसी सड़क का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है।
इसी निर्माण कार्य का जायजा लेने शुक्रवार को जिला स्वच्छता अधिकारी मनीष जैन अपनी तकनीकी टीम और इंजीनियरों के साथ मौके पर पहुंचे।
चैंबर के ढक्कन ऐसे लगाओ कि हितग्राहियों को न हो परेशानी
निरीक्षण के दौरान स्वच्छता अधिकारी ने सरपंच प्रतिनिधि पुष्पेंद्र जैन और मौके पर मौजूद श्रमिकों को नाली निर्माण की तकनीकी बारीकियां समझाईं। उन्होंने नाली का लेवल, पाइप की फिटिंग और मजबूती को बारीकी से परखा।
जहां-जहां मामूली कमियां दिखीं, उन्हें तत्काल सुधारने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष तौर पर कहा कि नाली के चैंबरों पर लगने वाले ढक्कनों को इस तरह व्यवस्थित किया जाए कि भविष्य में सफाई या मरम्मत के दौरान हितग्राहियों को खोलने में कोई दिक्कत न आए। कुल मिलाकर काम की गुणवत्ता पर उन्होंने संतोष जताया।
अमृत वाटिका की तारीफ, ‘एक पेड़ माँ के नाम’ पर रोपा कटहल
निरीक्षण के बाद मनीष जैन ने ग्राम की अमृत वाटिका का भी अवलोकन किया। वाटिका की सुंदरता और पौधों के रखरखाव को देखकर उन्होंने सरपंच और ग्रामीणों की प्रशंसा की और इसे इसी तरह सहेज कर रखने की बात कही।
इसके बाद उन्होंने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत वाटिका परिसर में कटहल का पौधा रोपा और स्वयं पानी देकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस दौरान पंचायत के कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
Services And Contact
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

