टीकमगढ़ । जिले के शिक्षकों की लंबे समय से लंबित मांगों को लेकर मध्यप्रदेश शिक्षक संघ ने बुधवार को प्रभारी मंत्री कृष्णा गौर को ज्ञापन सौंपा है। संघ ने चतुर्थ क्रमोन्नति वेतनमान के आदेश जारी करने और वेतन भुगतान में हो रही देरी का निराकरण करने की मांग की है।
शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष प्रमोद कुमार नापित और जिला संगठन मंत्री जगदीश दुबे ने बताया कि सामान्य प्रशासन विभाग मंत्रालय भोपाल के परिपत्र क्रमांक 26 मार्च 2026 के तहत प्रदेश के लगभग सभी जिलों में 35 वर्ष की सेवा पूर्ण करने वाले शिक्षकों को चतुर्थ क्रमोन्नति का लाभ दिया जा चुका है। लेकिन टीकमगढ़ जिले में आज तक आदेश जारी नहीं हुआ है। इससे जिले के करीब 500 शिक्षक लाभ से वंचित हैं।
संघ का आरोप है कि इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी को मौखिक और कई बार ज्ञापन के माध्यम से अवगत कराया गया। 23 जुलाई को कलेक्टर को भी ज्ञापन सौंपा गया बावजूद इसके डीईओ कार्यालय ने आदेश जारी नहीं किए।
वहीं दूसरी मांग में संघ ने बताया कि डीईओ की उदासीनता के कारण जुलाई 2026 का वेतन अगस्त के पहले सप्ताह तक भी जारी नहीं हुआ है। विकासखंड शिक्षा अधिकारियों के कार्यालयों में वर्षों से शिक्षकों के देयक लंबित हैं। डीईओअमित कुमार जैन की कार्यप्रणाली से भ्रष्टाचार पनप रहा है, जिससे शिक्षकों में भारी असंतोष है।
शिक्षक संघ ने प्रभारी मंत्री से हस्तक्षेप कर समस्याओं का शीघ्र निराकरण कराने की मांग की है।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

