जतारा । जनपद की ग्राम पंचायत केशवगढ़ में गुरुवार को विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। तहसीलदार मोहनगढ़ ने 22 जुलाई को सरपंच शशि जैन को गांव के मुख्य बाजार सहित सार्वजनिक स्थानों की सफाई के निर्देश दिए थे।
बारिश और मजदूरों के खेती कार्यों में व्यस्त होने के कारण अभियान शुरू नहीं हो पाया था। 7 अगस्त को पर्याप्त मजदूर मिलने पर सरपंच प्रतिनिधि पुष्पेंद्र जैन ने स्वयं मौके पर रहकर बाजार और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर साफ-सफाई कराई। दिनभर चले अभियान में कचरा हटाया गया और खरपतवार व गंदगी खत्म करने के लिए दवा का छिड़काव भी किया गया।
इस दौरान पुष्पेंद्र जैन ने ग्रामीणों से अपील की कि कचरा इधर-उधर न फेंके और सरपंच द्वारा बनाए गए कचरा संग्रहण स्थलों व कचरा दानों का ही उपयोग करें। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी नियमित रूप से स्वच्छता अभियान चलाकर केशवगढ़ को स्वच्छ और आदर्श ग्राम बनाया जाएगा।

