टीकमगढ़। जतारा जनपद की ग्राम पंचायत केशवगढ़ में स्वच्छता को लेकर सरपंच प्रतिनिधि श्री पुष्पेंद्र जैन द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। आज सुबह उन्होंने सर्वप्रथम श्री 1008 पारसनाथ दिगंबर जैन मंदिर पहुंचकर विधिवत पूजन-पाठ किया। इसके पश्चात क्षेत्र के प्रसिद्ध चमत्कारी स्थल श्री 1008 हनुमान धारा पहुंचकर प्रभु हनुमान के दर्शन किए तथा वहां चल रहे निर्माण कार्य का निरीक्षण किया।
इसके बाद श्री पुष्पेंद्र जैन हैंडपंप के पास पहुंचे, जहां 7 जुलाई को करवाई गई साफ-सफाई के बाद कुछ स्थानों पर सफाई शेष रह गई थी। उन्होंने किसी कर्मचारी या अन्य व्यक्ति का इंतजार किए बिना स्वयं अपने हाथों से उस स्थान की साफ-सफाई शुरू कर दी।
उन्हें स्वयं सफाई करते देखकर वहां मौजूद लोगों ने पूछा कि, “सरपंच साहब, आप स्वयं सफाई क्यों कर रहे हैं?” इस पर श्री पुष्पेंद्र जैन ने कहा कि “आखिर सफाई किसी न किसी को तो करनी ही है। जब कोई आगे नहीं आता, तो मुझे अपने गांव की सफाई करने में कोई संकोच नहीं है। मेरा प्रयास है कि ग्राम पंचायत केशवगढ़ स्वच्छ, साफ, सुंदर और सुरक्षित बने। इसके लिए मुझे ग्रामवासियों के सहयोग की आवश्यकता है। यदि सभी ग्रामवासी मिलकर सहयोग करेंगे, तो हम मिलकर अपने गांव को और बेहतर बना सकते हैं।”
उन्होंने कहा कि उनकी माता एवं ग्राम पंचायत की सरपंच श्रीमती शशि जैन का भी यही संकल्प है कि केशवगढ़ गांव स्वच्छ, सुंदर और सुरक्षित बने। उनका मानना है कि गांव की स्वच्छता केवल किसी एक व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे ग्राम समुदाय की सामूहिक जिम्मेदारी है।
श्रीमती शशि जैन ने कहा कि “गांव को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए यदि मुझे और मेरे बेटे को भी स्वयं सफाई करनी पड़े, तो हम पीछे नहीं हटेंगे।”
गौरतलब है कि गांव में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। सरपंच प्रतिनिधि पुष्पेंद्र जैन का स्वयं सफाई कार्य में जुटना ग्रामीणों के बीच चर्चा का विषय रहा और लोगों को भी अपने गांव को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया।

