प्रदीप गुप्ता /नर्मदापुरम / (सीहोर) पुलिस मुख्यालय भोपाल के आदेशानुसार संपूर्ण प्रदेश में दिनांक 11.01.2023 से दिनांक 17.01. 2023 तक ‘यातायात जागरूकता सप्ताह’ का आयोजन किया गया। जिसका प्रमुख उद्देश्य सभी आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना है जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। आज दिनांक 17.01.2023 को यातायात जागरूकता सप्ताह के अंतिम दिन थाना यातायात में ‘यातायात जागरूकता सप्ताह’ समापन कार्यक्रम संपन्न हुआ। समापन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक सीहोर मयंक अवस्थी , विशिष्ट अतिथि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गीतेश गर्ग , नगर पुलिस अधीक्षक निरंजन सिंह राजपूत एवं उप पुलिस अधीक्षक अजाक सुश्री अंजली रघुवंशी शामिल हुए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मयंक अवस्थी का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया , विशिष्ट अतिथियों का स्वागत किया गया, स्वागत के बाद नगर पुलिस अधीक्षक निरंजन सिंह राजपूत ने अपने उद्बोधन में बताया कि पुलिस भी वही बताती हैं आपको जिस प्रकार बच्चों के अभिभावक बच्चों को बताते हैं कि तेज गाड़ी मत चलाना, नशा करके गाड़ी मत चलाना वही बातें आपको पुलिस बताती हैं यातायात संबंधी सभी नियमों का पालन करें और खुद को सुरक्षित रखें।
तत्पश्चात अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गीतेश गर्ग ने अपने उद्बोधन में वाहन चालकों, विद्यार्थियों, गणमान्य प्रतिष्ठित नागरिकों, समाजसेवियों को बताया की हम लोगों ने जिस तरीके से कोरोना से खुद के बचाव के लिए कई प्रयास जैसे मास्क लगाना सैनिटाइजर रखना आदि प्रयास किए। उसी प्रकार सड़क दुर्घटना से बचने के लिए भी ऐसे ही प्रयास किए जाएं , दो पहिया वाहन पर हेलमेट लगाएं चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट लगाएं और इससे निश्चित ही सड़क दुर्घटना से होने वाली जनहानि को कम किया जा सकता है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक सीहोर मयंक अवस्थी ने अपने उद्बोधन में कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों को नागरिकों को बताया की हम वाहन चलाते समय जो गलतियां करते हैं, जो नियम तोड़ते हैं उन्हें स्वीकार करें। क्योंकि यदि हम अपनी गलती स्वीकार करेंगे तो उन्हें सुधारने का प्रयास करेंगे और अगली बार से वह गलती नहीं करेंगे वहीं दूसरी ओर पुलिस अधीक्षक श्री अवस्थी ने यातायात जागरूकता सप्ताह के दौरान जो भी समाज सेवी जागरूकता सप्ताह को सफल बनाने के लिए आगे आए और पुलिस का सहयोग किया उनका धन्यवाद किया एवं सीहोर के सभी नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। तत्पश्चात पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी द्वारा ऐसे ऑटो चालक जो संपूर्ण दस्तावेज एवं यातायात नियमों का अक्षरश: पालन करते हुए उच्चतम गणवेश में ऑटो चलाते हैं। उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया एवं जागरूकता सप्ताह के दौरान थाना यातायात पर लगाए गए निशुल्क नेत्र शिविर में डॉक्टर द्वारा जिन ऑटो चालकों को बनवाने की सलाह दी गई ऐसे लोगों को निशुल्क चश्मे भी प्रदान किए। दिनांक 13.01.2023 को थाना यातायात में ए एस जी ग्रुप नेत्र चिकित्सालय के डायरेक्टर अनिल परमार एवं उनकी टीम द्वारा निशुल्क नेत्र परीक्षण का शिविर लगाया गया एवं डॉक्टर अनिल उपाध्याय नेत्र विशेषज्ञ द्वारा आष्टा में निशुल्क नेत्र शिविर लगाया गया। पुलिस अधीक्षक द्वारा इनको प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया एवं इनकी पूरी टीम को एवं समाजसेवी नागरिकों जिन्होंने यातायात जागरूकता सप्ताह में पुलिस का सहयोग किया एवं जागरूकता सप्ताह कार्यक्रम को सफल बनाया ऐसे सभी नागरिकों को सम्मानित किया एवं धन्यवाद दिया। जागरूकता कार्यक्रम में सहयोग प्रदान करने वाले डीबीसीपीएल टोल स्टाफ से उमा शंकर पांडे को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया एवं यातायात पुलिस द्वारा सराहनीय कार्य , जागरूकता कार्यक्रम में विशेष योगदान के लिए यातायात पुलिस सीहोर के के अधिकारी/कर्मचारियों को पुलिस अधीक्षक श्री अवस्थी द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी द्वारा छात्राओं को स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम के दौरान यातायात संबंधित सही उत्तर देने के लिए पुरस्कार भी वितरण किए। कार्यक्रम को आगे बढ़ाते हुए यातायात प्रभारी सूबेदार ब्रजमोहन धाकड़ द्वारा मुख्य अतिथियों का आभार प्रकट किया गया एवं यातायात जागरूकता सप्ताह में सहयोग देने वाले सभी समाज सेवियों को धन्यवाद किया। यातायात प्रभारी सूबेदार ब्रजमोहन धाकड़ द्वारा पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी को यातायात पुलिस सीहोर स्मृति चिन्ह भेंट किया एवं स्वल्पाहार के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस समापन कार्यक्रम में पत्रकार बंधु, प्रतिष्ठित नागरिक, समाजसेवी, ऑटो चालक, वाहन चालक , उत्कृष्ट विद्यालय की छात्राएं एवं कोतवाली थाना, महिला थाना, यातायात थाना का अजाक थाने का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। यातायात जागरूकता सप्ताह में दिनांक 11.01.2023 से 17.01.2023 तक होने वाली विभिन्न गतिविधियों एवं जागरूकता कार्यक्रमों की सूची-
(1) 11.01.2023 – पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी द्वारा बाइक रैली एवं यातायात जागरूकता रथ को हरी झंडी देकर यातायात जागरूकता सप्ताह का शुभारंभ।
(2) 12.01.2023 – एएसजी ग्रुप नेत्र चिकित्सालय के सहयोग से यातायात पुलिस द्वारा यातायात थाने में निशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर का आयोजन।
(3) 13.01.2023 – शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय यातायात जागरूकता कार्यक्रम और प्रशिक्षण।
(4) 14.01.2023 – डीबीसीपीएल टोल स्टाफ के सहयोग से साइकिल रैली।
(5) 15.01.2023 – शहर के विभिन्न चौराहों पर फ्लेक्स, बैनर, पोस्टरों के माध्यम से जागरूकता प्रचार प्रसार करना।
(6) 16.01.2023 – बाजारों में पंपलेट वितरण कर आम नागरिकों को जागरूक करना व्यापारियों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना।
(7) 17.01.2023 – यातायात जागरूकता सप्ताह का पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी द्वारा विशेष सम्मानीय नागरिकों एवं यातायात सप्ताह में सहयोग करने वाले लोगों को प्रशस्ति पत्र वितरण समापन कार्यक्रम।