प्रदीप गुप्ता /नर्मदापुरम / नर्मदापुरम जिले की तहसील सिवनीमालवा आईएसओ प्रमाणित बन गई है। ISO:9001:2015 सर्टिफिकेशन प्राप्त करने वाली सिवनीमालवा जिले की पहली तहसील हैं। बुधवार को सिवनी मालवा में कलेक्टर नीरज कुमार सिंह ने अंतर्राष्ट्रीय मानक संगठन द्वारा अधिकृत संस्था फोटोन मैनेजमेंट सर्विसेज से प्राप्त इस सर्टिफिकेशन को तहसील सिवनी मालवा को प्रदान किया और सभी को शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर अनुविभागीय अधिकारी सिवनी मालवा अनिल जैन, तहसीलदार सिवनीमालवा पुष्पेंद्र निगम, सीएमओ राकेश मिश्रा, जनपद सीईओ दुर्गेश भूमरकर, नायब तहसीलदार प्रमेश जैन , ललित सोनी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालन करने के लिए तहसील सिवनीमालवा को क्वालिटी मैनेजमेंट के लिए आईएसओ प्रमाण पत्र मिला है। कलेक्टर श्री सिंह के निर्देशन में तहसील सिवनीमालवा में राजस्व एवं भूमि विवादों संबंधी प्रकरणों के निराकरण, कानून व्यवस्था प्रबंधन, जोखिम प्रबंधन, ई गवर्नेंस, आपदा प्रबंधन , निर्वाचन और जनगणना में समन्वय सहित अन्य शासन द्वारा सौंपा गए दायित्व के बेहतर निर्वहन के लिए यह सर्टिफिकेशन प्राप्त हुआ है।

