प्रदीप गुप्ता /नर्मदापुरम/(बनखेड़ी) नर्मदापुरम जिले के विकासखंड बनखेड़ी की बहुप्रतीक्षित मांग बनखेड़ी से झिरपा मार्ग निर्माण हेतु प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नाम आज सोमवार कों तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। बनखेड़ी नगर व्यापारी संघ के तत्वावधान में श्री रामजानकी मंदिर से रैली के रूप में व्यापारी संघ व सभी सामाजिक संगठनों के नागरिक गण तहसील कार्यालय पहुंचे। ज्ञात होवे कि बनखेड़ी तहसील 125 ग्रामों से जुड़ी तहसील है। एवं बनखेड़ी नर्मदापुरम जिले का सबसे अंतिम छोर है। बनखेड़ी के पूर्व में नरसिंहपुर एवं दक्षिण में छिंदवाड़ा जिला लगा हुआ है वर्तमान में बनखेड़ी के लोगों को झिरपा तामिया, छिंदवाड़ा एवं नागपुर जाने हेतु पिपरिया मटकुली होकर जाना पड़ता है। जो कि लगभग 50 किलोमीटर की दूरी होती है, जबकि बनखेड़ी से फतेहपुर होते हुए झिरपा ग्राम की दूरी महज 20 किलोमीटर है। इसी प्रकार बनखेड़ी से पड़रई ग्राम होते हुए झिरपा की दूरी भी लगभग 20 किलोमीटर है।
बनखेड़ी से महुआखेड़ा में पड़रई ग्राम तक प्रधानमंत्री सड़क योजना के अंतर्गत सड़क बनी हुई है। महुआखेड़ा से झिरपा को जोड़ने हेतु मात्र 10 किलोमीटर की सड़क बनाई जानी है। यदि पड़रई जाते हुए यह सड़क बनाई जाएगी तो मात्र 15 किलोमीटर की सड़क का निर्माण कराया जाना है। झिरपा जाने हेतु महुआखेड़ा एवं पड़रई ग्राम दोनों से ही रास्ते सुगम है। बनखेड़ी से झिरपा मार्ग बन जाने से बनखेड़ी का सीधा जुड़ाव छिंदवाड़ा एवं नागपुर से हो जाएगा। इसका लाभ आदिवासियो को भी मिलेगा। बनखेड़ी के सभी वन ग्राम इसी मार्ग पर स्थित हैं। आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र कलकुही कैमढाना , मैदाखेड़ा, महुआ खेड़ा, फतेहपुर, झरियाझोरा, पासीढाना, पड़रई, ठाकुर सिंहपुर , ढाना , पांजरा, नयागांव महाराजगंज एवं छिंदवाड़ा जिले के सहावन सारवानी , टारवानी , बंदीढाना तालापानी , पाठई, बाम्हनई, चावल पानी, जमनिया, झिरपा , तामिया माहुलझिर आदि ऐसे ग्राम है, जिनके संपूर्ण निवासी आदिवासी हैं। उक्त सड़क निर्माण होने से सभी ग्राम के आदिवासियों का जुड़ाव बनखेड़ी एवं नरसिंहपुर जिले से सीधा हो जाएगा। जिससे उनके जीवन स्तर में भी सुधार होगा और रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त हो सकेंगे। पर्यटन स्तर से भी अनहोनी , तामिया, राज विरासत फतेहपुर स्टेट, मौनेश्वर धाम , नर्मदा तट पासीघाट, खेराघाट, बनखेड़ी क्षेत्र के प्रमुख स्थानीय पर्यटन स्थल हैं। जहां वर्ष में लाखों की संख्या में स्थानीय पर्यटकों की आवाजाही होती है। झिरपा मार्ग बन जाने से क्षेत्रीय पर्यटन को बढ़ावा तो मिलेगा ही साथ ही रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। अभी पचमढ़ी हेतु पिपरिया से मटकुली होकर जाना पड़ता है। झिरपा मार्ग बन जाने से बनखेड़ी से पचमढ़ी की दूरी लगभग 20 किलोमीटर कम हो जाएगी। झिरपा मार्ग की मांग पिछले 25 वर्षों से स्थानीय एवं क्षेत्रीय लोग कर रहे हैं। पर्यटन एवं व्यवसायिक दृष्टि से इस मार्ग के निर्माण से विकास सुनिश्चित होगा। ज्ञापन सौंपने वालों में प्रमुख रूप से नगर व्यापारी संघ अध्यक्ष सुशील कुमार सहित समस्त सामाजिक संगठन के नागरिक एवं ग्राम पंचायत से ग्राम के सरपंच उपस्थित थे।