प्रदीप गुप्ता / नर्मदापुरम / मां नर्मदा की पावन नगरी नर्मदापुरम में सेठानी घाट स्थित श्री बाके बिहारी मंदिर में पिछले चार दिन से चल रहे खिचड़ी उत्सव का समापन हो गया। अंतिम दिन श्री बांके बिहारी महाराज के भजनों से मंदिर प्रांगण भक्तिमय हो गया। समाज के मीडिया प्रभारी एडवोकेट उमंग अग्रवाल ने बताया कि खिचड़ी महोत्सव में ठाकुर जी को शीत ऋतु का आनंद देने और सर्दी से बचाने के लिए गर्म चीजों का भोग लगाया गया। इसी क्रम में खिचड़ी और अन्य गरम वस्तुओं का भगवान को भोग लगाया जाता है। जिसमे नित्य ठाकुर जी ने विभिन्न स्वरूपों में दर्शन दिए। खिचड़ी महोत्सव की अंतिम दिवस लट्ठमार होली, फूल होली झाकियां बनाई गई। इन मनोहर झांकियों के दर्शन करने के लिये प्रात: काल बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। मंदिर प्रांगण श्री बांके बिहारी महाराज की जय, राधारानी सरकार की जय, माता महालक्ष्मी की जय, की मधुर ध्वनि से गुंजायमान हो उठता है। दर्शन व आरती के पश्चात खिचड़ी का भोग, प्रसाद के रूप में भक्तों को वितरित किया जाता है। दर्शन में समाज अध्यक्ष आनंद अग्रवाल, मंदिर प्रभारी नरेंद्र अग्रवाल, सुरेश अग्रवाल, घनश्याम अग्रवाल, मोहन अग्रवाल अन्य समाजजन एवं धर्मप्रेमी श्रद्धालु उपस्थित रहते है l

