प्रदीप गुप्ता/ नर्मदापुरम / जिला मुख्यालय के पुलिस लाईन में गणतंत्र दिवस के मुख्य कार्यक्रम के दौरान यातायात पुलिस द्वारा प्रतिदिन की व्यवस्था में परिवर्तन किया गया है। कार्यक्रम के दौरान यातायात व्यवस्था निम्न अनुसार रहेगी। मीनाक्षी चौक से एवं जेल तिराहे से वाहनों को कोठी बाजार की तरफ से परिवर्तित किया जावेगा। जेल तिराहे से और मीनाक्षी चौक से सिर्फ परेड में सम्मिलित होने वाले, व्यवस्था में लगे अधिकारी कर्मचारी और आमंत्रित अथितिगण के वाहन ही प्रवेश कर सकेंगे। पुलिस कन्ट्रोल रूम की तरफ के गेट से सिर्फ वरिष्ठ अधिकारी गण और मुख्य अतिथि और अति विशिष्ट अतिथि गण प्रवेश कर सकेंगे इस गेट से सामान्य आवागमन बंद रहेगा। होम गार्ड कार्यालय के सामने वाले पुलिस लाइन गेट से शेष सभी वाहन और आम जनता प्रवेश कर सकेंगे। पुलिस लाईन के सामने वाले मार्ग से किसी भी प्रकार के भारी वाहनों को प्रतिबंधित किया जावेगा। मुख्य समारोह के दौरान पार्किंग व्यवस्था निम्न अनुसार रहेंगी। व्हीआईपी/वरिष्ठ अधिकारी गण के वाहन पानी की टंकी के पास पार्क हो सकेंगे। अन्य चार पहिया वाहन पुलिस अस्पताल के पास पार्क हो सकेंगे। शासकीय अधिकारी गण व अन्य कर्मचारियों के वाहन पुराना कंट्रोल रूम के बाजू में पार्क हो सकेंगे। आम जनता के वाहन एवं कार्यक्रम में सम्मिलित होने वाले बच्चों को लेकर आने वाले वाहन मंगल भवन और रक्षित निरीक्षक कार्यालय के पास पार्क हो सकेंगे। उक्त व्यवस्था प्रातः 07 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने एवं दर्शकों के विसर्जन तक लगी रहेगी। यातायात पुलिस ने आम जनता से व्यवस्था में सहयोग की अपील की है।

