प्रदीप गुप्ता /नर्मदापुरम / पुण्य सलिला मां नर्मदा का दो दिवसीय जन्मोत्सव शुक्रवार को मंगलाचरण के साथ शुरू हो गया। मुख्य समारोह 28 जनवरी को प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सेठानी घाट पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के मुख्यातिथ्य में भव्यता के साथ मनाया जाएगा। सेठानी घाट सहित अन्य घाटों पर विशेष साज सज्जा की गई है। जिला प्रशासन द्वारा सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। कलेक्टर नीरज कुमार सिंह एवं पुलिस अधीक्षक डॉ गुरकरण सिंह ने अधिकारियों के साथ शुक्रवार को नर्मदा जयंती महोत्सव और गौरव दिवस की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने मुख्य अतिथि के हेलीपैड आगमन पर व्यवस्थाओं से लेकर मुख्य कार्यक्रम स्थल सर्किट हाउस से सेठानीघाट तक जलमार्ग का भ्रमण कर तैयारियां देखी। इस अवसर पर पीयूष शर्मा, अपर कलेक्टर मनोज कुमार ठाकुर , अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहें।
कलेक्टर श्री सिंह के मार्गदर्शन में नर्मदा जयंती और नर्मदापुरम के गौरव दिवस की तैयारियां पूर्ण की गई हैं। मुख्य समारोह स्थल के समक्ष नर्मदा की जलधारा में जलमंच बनाया गया है। नर्मदा जयंती और गौरव दिवस को लेकर शहर में उल्लास का माहौल बन गया है। विभिन्न विभागों के अधिकारियों कर्मचारियों के साथ ही स्वयंसेवी संगठनों व नागरिकों की सामूहिक सहभागिता के साथ दाेनों ही महोत्सव धूमधाम व हर्षोल्लास के साथ मनाए जाएंगे। महिला बाल विकास विभाग के द्वारा लोगों को घरों-घर पीले चावल डालकर पर्व में उत्साह से जुड़ने का आग्रह किया है। सभी धर्म व सभी वर्ग में विशेष उत्साह है।
*नर्मदा जयंती व गौरव दिवस पर होंगे रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम*
नर्मदा जयंती महोत्सव व नर्मदापुरम के गौरव दिवस के अवसर पर शनिवार को विभिन्न कलाकारों के द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। जिसके तहत सेठानी घाट पर ही सायंकाल 5 बजे भक्ति गायन के अंतर्गत स्वेता जोशी का गायन होगा। जलमंच के समारोह के बाद रात्रि 8 बजे रानी खानम द्वारा लोक नृत्य की प्रस्तुति होगी। उसके बाद रात्रि 8.30 बजे मृणालिनी शाह द्वारा नृत्य नाटिका प्रस्तुत की जाएगी। 9.15 बजे शीला त्रिपाठी द्वारा लोक गायन तथा पद्वम विभूषण तीजन बाई द्वारा रात्रि के 10 बजे लोक गायन की प्रस्तुति होगी।
*ये भी रहे उपस्थित*
निरीक्षण के दौरान एसडीएम श्रीमती मोहिनी शर्मा, एसडीओपी पराग सैनी, तहसीलदार शैलेंद्र बडोनिया, नपा सीएमओ नवनीत पांडे, थाना प्रभारी विक्रम रजक, रक्षित निरीक्षक विजय दुबे सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहें।

