प्रदीप गुप्ता/ नर्मदापुरम / प्रतिभूति कागज कारखाना की सुरक्षा में तैनात केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल की इकाई एसपीएम में पदस्थ बल सदस्य आरक्षक/ जीडी विक्रम सिंह द्वारा द्वारा ईमानदारी का परिचय देते हुए रास्ते में मिली हुई सोने की चेन एवं पेंडल को वापिस लौटाया गया। बता दे कि मंगलवार दिनांक 31 जनवरी 2023 को समय लगभग 18:30 बजे प्रतिभूति कागज कारखाना की अस्पताल में कार्यरत एक कर्मचारी जिसका नाम पंचू उराव है, के सेवानिवृत्ति जुलूस में सम्मिलित हुई उनकी बेटी प्रीति इक्का का रास्ते में नाचते समय गले से सोने की चेन गिर गई थी। जिसमें एक सोने का पेंडल भी लगा हुआ था । कुछ समय पश्चात सीआईएसफ का जवान आरक्षक /जीडी विक्रम सिंह उसी रास्ते से भ्रमण के लिए निकलता है जिसकी नजर रास्ते में पड़ी हुई सोने की चेन एवं पेंडल पर पड़ती है जिसको उक्त जवान द्वारा उठा लिया। उस समय वहां पर और अन्य कोई व्यक्ति मौजूद नहीं होने के बावजूद भी वह ईमानदारी का परिचय देता है और उस सोने की चैन एवं पेंडल को सीधा ले जाकर सीआईएसएफ के नियंत्रण कक्ष में जमा कर देता है, तथा चेन के रास्ते में मिलने के बारे में बताता है । उक्त घटना के बारे में तुरंत सूचना विभाग में कार्यरत बल सदस्यों द्वारा इकाई प्रभारी वैभव कुमार दुबे, वरिष्ठ कमान्डेंट को अवगत कराया गया। तदोपरांत वैभव कुमार दुबे, वरिष्ठ कमान्डेंट के मार्गदर्शन में आज वेरिफिकेशन उपरांत मिली हुई चेन एवं पेंडल को उसकी मालिक सुश्री प्रीति इक्का को संयंत्र के मैन गेट पर अन्य कर्मचारियों की मौजूदगी में लौटाया गया । चेन का वर्तमान मूल्य लगभग ₹1,00,000 बताया गया। बल सदस्य द्वारा किए गए इस ईमानदारी के कार्य की वैभव कुमार दुबे द्वारा प्रशंसा की गई एवं सम्मानित किया गया। अपने संबोधन में वैभव कुमार दुबे, वरिष्ठ कमांडेंट ने बताया कि बल सदस्यों द्वारा इस प्रकार के सराहनीय कृत्य से वह एवं पूरी सीआईएसएफ की इकाई अपने आप को गौरवान्वित महसूस करती है।

