प्रदीप गुप्ता / नर्मदापुरम /03,फरवरी,2023/ जिले में रबी उपार्जन के लिए किसानों का पंजीयन का कार्य 6 से 28 फरवरी तक किया जाएगा। इसके लिए जिले में कुल 132 केन्द्र बनाए गये हैं। इनमें तहसील नर्मदापुरम में 9 केन्द्र बनाए गये हैं, तहसील डोलरिया में 13, इटारसी में 15, सिवनीमालवा में 32, माखननगर में 17, सोहागपुर में 20, पिपरिया में 11 एवं बनखेड़ी तहसील में 15 केन्द्र बनाए गये हैं। किसानो को बताया गया है कि वे पंजीयन करने से पूर्व उनके आधार नंबर का वैरिफिकेशन लिंक मोबाइल नंबर पर प्राप्त आटीपी या बायोमैट्रिक डिवाइज से कराना आवश्यक है। पंजीयन केवल तभी होगा जब भू अभिलेख में दर्ज खाते एवं खसरे में दर्ज नाम का मिलान आधारकार्ड में दर्ज नाम से होगा, भूअभिलेख एवं आधारकार्ड में दर्ज नाम में विसंगती होने पर पंजीयन का सत्यापन तहसील कार्यालय से किया जाएगा। सत्यापन होने की स्थिति में उक्त पंजीयन मान्य होगा। भू-अभिलेख एवं आधार कार्ड में किसान का नाम त्रुटिपूर्ण होने पर राजस्व अमले से अथवा आधार पंजीयन केन्द्र में आधार का संशोधन कराया जाए। किसान पंजीयन के समय बैंक खाता नंबर एवं आईएफसी कोड की जानकारी उपलब्ध करानी होगी। किसान के पास आधार न होने की स्थिति में आधार केन्द्र जाकर आधार के लिए पंजीयन कराना होगा। आधार आवेदन पंजीयन पावती क्रमांक के आधार पर भी किसान का पंजीयन किया जा सकेगा। किसान द्वारा दर्ज कराए गये मोबाइल नंबर पर ओटीपी प्राप्त होगा। प्राप्त ओटीपी से पोर्टल पर सत्यापन उपरांत किसान पंजीयन सुरक्षित किया जा सकेगा। गिरदावरी डाटा बेस में दर्ज किसान का नाम एवं आधार डाटा बेस में दर्ज किसान के नाम का मिलान ई रक्षित करने के लिए पोर्टल पर पंजीयन सुरक्षित किया जाएगा। सफल पंजीयन की जानकारी एसएमएस के माध्यम से किसान को प्राप्त होगी। आधार में मोबाइल नंबर अपडेट करने के लिए आधार पंजीयन केन्द्र जाकर मोबाइल अपडेट कराना होगा, पंजीयन में फसल की किस्म, विक्रय योग्य मात्रा एवं कटाई उपरांत फसल के भंडारण स्थल की जानकारी भी दर्ज होगी।

