प्रदीप गुप्ता / नर्मदापुरम / किसानों को समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन के लिए पंजीयन प्रक्रिया 06 फरवरी से 28 फरवरी तक करा सकते हैं। पंजीयन की व्यवस्था को सहज और सुगम बनाने के लिए किसानों के स्वयं के मोबाइल में सुविधा दी गई है। किसान घर बैठे पंजीयन कर सकेंगे। किसानों को पंजीयन केंद्रों में लाईन लगाकर पंजीयन कराने की समस्या से मुक्ति मिलेगी। इस संबंध में कलेक्टर नीरज कुमार सिंह ने सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एवं सीईओ जनपद पंचायत को निर्देश दिए है कि किसानों को गेहूं उपार्जन के लिए नि:शुल्क पंजीयन की व्यवस्था सुनिश्चित करावें। पंजीयन के लिए किसान ग्राम पंचायत, जनपद पंचायत, तहसील कार्यालयों में स्थापित सुविधा केन्द्र तथा सहकारी समितियों एवं विपणन संस्थाओं द्वारा द्वारा संचालित केंद्रों पर फसल का पंजीयन निशुल्क करा सकेंगे। वहीं सशुल्क पंजीयन के लिए किसान एमपी ऑनलाइन कियोस्क पर, कॉमन सर्विस सेंटर, लोक सेवा केन्द्र एवं निजी व्यक्तियों द्वारा संचालित साइबर कैफे पर सुशल्क पंजीयन करा सकते हैं। एम.पी. ऑनलाईन कियोस्क, कॉमन सर्विस सेन्टर, लोक सेवा केन्द्र और निजी व्यक्तियों द्वारा संचालित साइबर कैफे को पंजीयन की कार्यवाही करने के पूर्व कलेक्टर, सक्षम प्राधिकारी से विधिवत ऑथराइजेशन प्राप्त करना होगा। पंजीयन के लिए 50 रूपये का शुल्क निर्धारित किया गया है। पंजीयन के लिए भूमि संबंधी दस्तावेज़ एवं किसान के आधार एवं अन्य फोटो पहचान पत्रों का समुचित परीक्षण कर उनका रिकार्ड रखा जाना अनिवार्य होगा। सिकमी, बटाईदार, कोटवार एवं वन पट्टाधारी किसान के पंजीयन की सुविधा केवल सहकारी समिति एवं विपणन सहकारी संस्था स्तर पर स्थापित पंजीयन केन्द्रों पर उपलब्ध होगी। किसानों की फसल का सत्यापन राजस्व विभाग द्वारा किया जाएगा।

