टीकमगढ़। शिक्षकों के एरियर्स (बकाया भुगतान) को लेकर मध्यप्रदेश शिक्षक संघ टीकमगढ़ ने विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। संघ का आरोप है कि क्रमांक-02 के शिक्षकों के एरियर्स का भुगतान लंबे समय से नहीं किया गया है। इसके लिए कई बार लिखित और मौखिक रूप से कार्यालय में निवेदन किया जा चुका है, लेकिन समस्या का निराकरण नहीं हुआ।
शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि कुछ चुनिंदा शिक्षकों के अधूरे बिल भेजे गए थे। इनमें आवश्यक आदेश संलग्न नहीं किए गए, जिसके चलते संबंधित बिलों पर आपत्तियां आ गईं। संघ ने इसे कार्यालय की मनमानी और बाबूराज का उदाहरण बताते हुए नाराजगी जताई।
सामूहिक रूप से सीएम हेल्पलाइन में शिकायत
शिक्षकों ने सोमवार को विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंचकर अपनी समस्या को लेकर आवाज उठाई। इसके साथ ही सामूहिक रूप से सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई गई। शिक्षक संघ का कहना है कि यदि जल्द ही एरियर्स भुगतान की प्रक्रिया पूरी नहीं की गई तो आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा।
शिक्षक प्रदीप जैन, करीम खान और गब्बर सिंह लोहिया सहित अन्य शिक्षकों ने कहा कि उनकी मांग किसी व्यक्तिगत लाभ की नहीं, बल्कि लंबित भुगतान को नियमानुसार जारी कराने की है।
कल पूरे स्टाफ के साथ शिकायत की तैयारी
शिक्षकों ने बताया कि अन्य शिक्षक साथी भी इस मामले को लेकर लामबंद हो रहे हैं। मंगलवार को संबंधित विद्यालय में पूरे स्टाफ द्वारा एक साथ सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई जाएगी। शिक्षकों ने विभागीय अधिकारियों से मामले में तत्काल संज्ञान लेकर लंबित एरियर्स का भुगतान कराने और बिलों से जुड़ी आपत्तियों का निराकरण करने की मांग की है।

