विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल: नर्मदापुरम विभाग की महत्वपूर्ण बैठक पुरानी इटारसी में संपन्नविश्व हिंदू परिषद बजरंग दल: नर्मदापुरम विभाग की महत्वपूर्ण बैठक पुरानी इटारसी में संपन्न
आगामी कार्यक्रमों की बनी रूपरेखा और हुआ संगठन विस्तार
पुरानी इटारसी: विश्व हिंदू परिषद (विहिप) एवं बजरंग दल नर्मदापुरम विभाग की संगठनात्मक बैठक अभिनंदन भवन, पुरानी इटारसी में तीन सत्रों में सफलतापूर्वक आयोजित की गई।
बैठक के मंचासीन अतिथियों में प्रांत सह मंत्री व नर्मदापुरम विभाग के पालक जितेंद्र सिंह चौहान, विभाग मंत्री गिरिजाशंकर राजपूत एवं विभाग संगठन मंत्री उमेश पाराशर उपस्थित रहे। सर्वप्रथम अतिथियों ने प्रभु श्री राम दरबार एवं भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन कर पूजन-अर्चन व पुष्पांजलि अर्पित की। तत्पश्चात संगठन की स्थापित परंपरा अनुसार ॐ का उच्चारण कर विजय महामंत्र “श्री राम जय राम जय जय राम” का 13 बार सस्वर वाचन करते हुए बैठक का शुभारंभ किया गया।
प्रमुख दिशा-निर्देश एवं संगठनात्मक निर्देश
प्रांत सह मंत्री जितेंद्र सिंह चौहान ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते हुए संगठन के कार्य, अनुशासन तथा आगामी गतिविधियों की विस्तार से जानकारी दी:
संगठन विस्तार: प्रखंड एवं ग्राम स्तर पर समितियों का गठन करने पर जोर दिया गया।
स्थापना दिवस व हितचिंतक अभियान: आगामी स्थापना दिवस कार्यक्रमों के सुचारू संचालन और व्यापक हितचिंतक (सदस्यता) अभियान चलाने का निर्देश दिया गया।
दायित्वों की घोषणा: संगठन को सुदृढ़ बनाने की दृष्टि से पांचों संगठनात्मक जिलों में नई नियुक्तियां की गईं।
जिला पालकों एवं तिथियों की घोषणा
विभाग संगठन मंत्री उमेश पाराशर ने कार्यकर्ताओं से प्रत्येक बैठक में एक नया गीत कंठस्थ करने का आग्रह किया। बैठक के दौरान विभाग के पांचों संगठनात्मक जिलों – हरदा, बैतूल, नर्मदापुरम, मुलताई एवं पिपरिया के लिए जिला पालकों की नियुक्ति की गई। साथ ही, उपस्थित प्रतिनिधियों से आगामी प्रखंड व जिला स्तरीय बैठकों की तिथियां घोषित करवाई गईं।
कार्यक्रम का सफल संचालन विभाग सह मंत्री श्याम राठौर द्वारा किया गया।
समापन सत्र और संकल्प
समापन सत्र के दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक नरेंद्र जी भाईसाहब का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। उन्होंने उपस्थित कार्यकर्ताओं को संगठन के प्रति अपने दायित्वों को निष्ठापूर्वक समझने और समाज व राष्ट्रहित में निरंतर कार्य करने का संकल्प दिलाया।
इस बैठक में पांचों जिलों के जिलाध्यक्ष, जिला मंत्री, जिला संयोजक, प्रमुख पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


