दिव्यांगों के परीक्षण शिविर का प्रभावी ढंग से आयोजन किया जाए
कोई भी पात्र दिव्यांग कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण के लाभ से वंचित ना रहे – कलेक्टर नीरज कुमार सिंह
नर्मदापुरम/(प्रदीप गुप्ता – जिला ब्यूरो) / विकास यात्रा के दौरान यह सुनिश्चित किया जाए जिले के कोई भी दिव्यांग कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण के लाभ से वंचित ना रहे। इस संबंध में जनपदवार आयोजित होने वाले दिव्यांगों के परीक्षण शिविर का प्रभावी ढंग से आयोजन किया जाए। यह निर्देश नर्मदापुरम कलेक्टर नीरज कुमार सिंह ने प्रभारी उपसंचालक सामाजिक न्याय , सभी जनपद सीईओ एवं अन्य संबंधित अधिकारियों को दिए। कलेक्टर श्री सिंह ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में विकास यात्रा संबंधित आयोजित गतिविधियों की विस्तार से समीक्षा की। कलेक्टर श्री सिंह ने सभी जनपद सीईओ को निर्देश दिए कि चिन्हित दिव्यांगों का इन शिविरों में परीक्षण किया जाए। शिविरों में दिव्यांगों को कोई परेशानी ना हो इसका भी विशेष ध्यान रखें। भोजन , पेयजल , मेडिकल आदि की व्यवस्थाएं शिविर में की जाए। बैठक में बताया गया कि जनपद बनखेड़ी में 14 फरवरी, पिपरिया में 15 फरवरी, सोहागपुर में 16 फरवरी, माखननगर में 17 फरवरी , केसला में 18 फरवरी, इटारसी में 19 फरवरी एवं सिवनीमालवा में 22 फरवरी को दिव्यांगों का परीक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने मुख्यमंत्री आवासीय भू अधिकार योजना ग्रामीण के तहत पात्र हितग्राहियों के लिए गए आवेदनों के संबंध में तहसीलवार जानकारी ली। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि विकास यात्रा के दौरान योजना के तहत पात्र हितग्राहियों के ज्यादा से ज्यादा आवेदन लिए जाएं। ताकि उन्हे आवासीय पट्टे का लाभ मिल सके। योजना के क्रियान्वयन में सभी तहसीलदार पूरी गंभीरता से कार्य करें। उन्होंने राजस्व अधिकारियों को जाति प्रमाण पत्र के आवेदनों के निराकरण में भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास यात्रा के दौरान आमजनों को शासन की बीमा योजनाओं से भी जोड़ने का कार्य किया जाए। जो कठिन समय में उनकी मददगार बन सके। कलेक्टर श्री सिंह ने सभी एसडीएम , तहसीलदार एवं अन्य अधिकारियों को स्वामित्व योजना में प्रगति लाने के भी निर्देश दिए।
महादेव मेले की तैयारी की समीक्षा बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने 8 फरवरी से 19 फरवरी तक पचमढ़ी में आयोजित हो रहे महादेव मेले की तैयारियों की भी समीक्षा की। कलेक्टर श्री सिंह ने निर्देशित किया कि जिन अधिकारियों की ड्यूटी महादेव मेले में लगाई गई है। वे तत्काल प्रभाव से मेले में उपस्थित होना सुनिश्चित करें। मेला अवधि के दौरान मेडिकल की भी समुचित व्यवस्थाएं करने के निर्देश सीएमएचओ को दिए। बैठक में सीईओ जिला पंचायत एसएस रावत, अपर कलेक्टर मनोज कुमार ठाकुर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहें।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

