नर्मदा पुरम /प्रदीप गुप्ता / ग्राम करनपुर सोहागपुर में अनंत विभूषित पश्चिमाम्नाय द्वारका शारदा पीठाधीश्वर जगतगुरु शंकराचार्य स्वामी सदानन्द सरस्वती के पावन सान्निध्य में एवं श्रद्धेय गुरुदेव आचार्य सोमेश परसाई के पावन आचार्यत्व में आयोजित श्री सवा करोड़ शिवलिंग निर्माण एवं संगीतमय रुद्राभिषेक में आज पंचम दिवस पर आचार्य सोमेश परसाई ने शिव भक्तों को संबोधित करते हुए कहा कि जिस श्रद्धा एवं विश्वास के बिना सिद्ध पुरुष भी अपने ह्रदय में स्थित ईश्वर के दर्शन नही कर पाते उन श्रद्धा रूपी पार्वती जी तथा विश्वास रूपी शंकर जी का हम पूजन कर रहे है। हम पर अपार भगवत्कृपा है वर्ना बिना भगवत्कृपा के सद्कार्यों में मन लगना ही संभव नही हैं ।आचार्य ने कहा कि भगवान् का निर्माण कौन कर सकता है इस लिए केवल समर्पण भाव से भगवान् को रिझाने की कोशिश करें भगवान न लकड़ी में है न मिट्टी में है भगवान् का वास तो हमारे भाव में है और वे ही भगवान् हमारे भाव के कारण साकार शिवलिंग के रूप में यहाँ आपके द्वारा निर्मित हुए हैं । इसके पश्चात पूज्य गुरुदेव ने सभी शिवभक्तों को संबोधित करते हुए कहा कि गौ रक्षा का मात्र उपाय गौ पालन ही है यदि हर घर मे एक भारतीय गाय का पालन और सेवा प्रारम्भ हो जाय तो स्वतः ही गौ माता का संरक्षण हो जायेगा ।
गौ और ब्राह्मण ही सनातन धर्म के आधार स्तम्भ हैं । वेद मंत्र की व्याख्या करते हुए आचार्य ने कहा कि हमारी तीन अवस्थाएं हैं जागृत सुप्त और सुसुप्त।
पार्थिव शिवलिंग का महत्त्व बताते हुए आचार्य श्री ने कहा कि पार्थिव शिवलिंग सभी शिवलिंगों के राजा है रावण को परास्त करने के लिए भगवान राम ने भी इन्ही का पूजन किया था। आचार्य श्री ने इसके पश्चात कहा कि भगवान् शिव समस्त दुखों का नाश करते है। भगवान शिव अपने भक्तो पर संकट आने पर विष तक का पान कर लेते है, शिव के बिना कुछ संभव नही, शिव का अर्थ ही होता है कल्याण । शिव हमारे जीवन का ठीक वैसे ही कल्याण करते है जिस प्रकार नदी समुद्र में ही मिलती है वैसे ही हम सबको शिव में ही मिलना है । इसके पश्चात सभी शिवभक्तों ने वैदिक मंत्रों के द्वारा भगवान का दूध दही घी शहद आदि द्रव्यों से रुद्राभिषेक किया । भगवान की सुंदर स्तुतियों का संगीतमय गान किया गया । कार्यक्रम के प्रथम सत्र में वैदिक विद्वानों स्वस्तिवाचन व रुद्रपाठ का वाचन किया तत्पश्चात कार्यक्रम के आयोजन हरगोविंद पुरविया व राजेश पुरविया ने परिवार सहित गणेश, गौरी व मंडल आदि का पूजन किया । सोमवार को अनंत विभूषित द्वारका शारदा पीठाधीश्वर स्वामी सदानंद सरस्वती महाराज और गुरु सोमेश परसाई महराज के द्वारा वरिष्ठ पत्रकार आत्माराम यादव की लिखी पुस्तक देह कलश का आज विमोचन किया गया। कार्यक्रम में सुरेश पचौरी , पीयूष शर्मा , विधायक बरेली देवेंद्र पटेल, सुश्री राजो मालवीय , पुष्पराज पटेल , हर्षित गुरु, राजेश तिवारी, अजय सैनी, अम्बिका राजपूत आदि गणमान्य सम्मिलित हुए ।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

