नर्मदापुरम / प्रदीप गुप्ता / प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य केंद्र और राज्य शासन की जनहितैषी योजनाएं गरीबों के उत्थान एवं उनकी खुशहाली में अहम भूमिका निभा रही है।योजनाओं से लाभान्वित हुए आमजन विकास यात्रा के दौरान आगे आकर स्वयं अपनी सफलता की कहानी बयां कर रहे हैं। ऐसे ही हितग्राही महिला है नर्मदापुरम जिले के जनपद केसला निवासी शिवकली बाई। जिन्होंने पक्के आवास की सौगात मिलने पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि कच्चा मकान होने से बरसात के दिनों में उनके परिवार को बहुत परेशानी होती थी। घर के अंदर बरसाती पानी पहुंच जाता था जिससे रात की नींद तक उड़ जाती थी। परिजनों को भी घर बुलाने में संकोच महसूस होता था। दूसरों के पक्के मकान देखकर मेरा भी सपना था कि पक्के मकान में रहूं। लेकिन आर्थिक परेशानिया होने से पक्के मकान का सपना अधूरा था। शासन द्वारा संचालित प्रधानमंत्री आवास योजना शुरू होने के बाद आस जगी। मैने भी आवेदन किया मेरे आवेदन की स्वीकृति हुई तब से ही खुशी होने लगी थी। अब मेरा भी पक्का मकान बन गया है। मेरे और परिवार के लिए यह बहुत खुशी की बात है। पक्के आवास के लिए मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की बहुत बहुत आभारी हूं।

