नर्मदापुरम /प्रदीप गुप्ता /सोहागपुर विधानसभा क्षेत्र के विकासखंड सोहागपुर में विधायक विजयपाल सिंह द्वारा कन्यापूजन और दीप प्रज्जवलन कर विकास यात्रा का शुभारंभ किया गया। ग्राम लखनपुर, ग्राम खांडादेवरी, ग्राम बोरनागूजर, ग्राम तेलसिर, ग्राम महुआखेड़ा, ग्राम रामनग एवं ग्राम पामली में पहुंची, जहां नागरिकों द्वारा पुष्प वर्षा कर विधायक विजयपाल सिंह तथा विकास यात्रा का स्वागत किया गया। विधायक श्री सिंह ने कहा कि मैं अपने परिवार के बीच आया हूँ। मैं विधायक बाद में हूँ और बहिनों का भाई और बड़े-बुजुर्गों का बेटा पहले हूँ। उन्होंने कहा कि विकास यात्राओं से परिवार के विकास और कल्याण की योजनाएं लेकर वे आए है। अब हर माह एक हजार रूपए की राशि अपनी गरीब और 5 एकड़ से कम के किसान परिवारों की बहनों को भेजेंगे। विधायक श्री सिंह ने कहा कि 5 मार्च से गाँव-गाँव शिविर लगा कर लाड़ली बहनों के अप्रैल तक फार्म भरवाए जायेंगे और जून माह से एक हजार रुपए की राशि जारी की जाएगी। उन्होंने कहा कि बुजुर्ग पात्र महिलाओं को भी 600 रूपये की पेंशन में 400 रूपए और जोड़ कर एक हजार रूपए दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि आर्थिक स्वावलंबन से परिवार सशक्त हो और प्रेम भाव में भी वृद्धि हो। उन्होंने कहा कि लाडली लक्ष्मी और कन्या विवाह योजनाएँ सरकार की महिलाओं को सशक्त बनाने की योजनाएँ हैं। विधायक श्री सिंह ने पूर्व की जन-हितैषी योजनाओं को पिछली सरकार द्वारा बंद करने की आलोचना करते हुए कहा कि किसानों पर ब्याज की गठरी को उनकी सरकार उतार देगी और किसानों को डिफाल्टर होने से बचाएगी। विधायक श्री सिंह ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री भू- अधिकार आवास योजना से गरीब को घर की जमीन देने का उल्लेख करते हुए कहा कि विकास यात्रा के दौरान अधिकारी यह भी सुनिश्चित करे कि कोई बिना राशन के भी नहीं रहे। गाँवों में हर घर में नल से जल पहुँचाने के लिए जल जीवन मिशन योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि क्षेत्र के हर गाँव को यह सौगात मिलेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भू-अधिकार अभियान के तहत सभी भूमिहीन परिवारों को एक लाख रूपये की लागत के 600 वर्ग फीट के आवासीय भू-खण्ड़ उपलब्ध कराये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे परिवार जो कच्चे मकान एवं झोपड़ियों में निवास कर रहे है, उन परिवारों को दो वर्ष के अंदर पक्के आवास उपलब्ध कराये जायेंगे। कच्चे आवास में रहने वाले परिवारों को पक्के आवास से वंचित नहीं रहना पड़ेगा।

