नर्मदापुरम /प्रदीप गुप्ता /माँ ललिता आश्रम के आचार्य पंडित अजय दुबे ने बताया कि महाशिवरात्रि महोत्सव पर धूमधाम के साथ 251 नर्मदेश्वर भगवान का पंचामृत से अभिषेक किया जाएगा। भगवान नर्मदेश्वर को दूध चढ़ाने पर सुख की प्राप्ति होती है। दही चढ़ाने से शांति मिलती है। घी से भगवान को स्नान कराने पर वंश की वृद्धि होती है। नर्मदेश्वर भगवान को शहद चढ़ाने पर आरोग्यता की प्राप्ति होती है। नर्मदेश्वर भगवान को शक्कर चढ़ाने से लक्ष्मी की प्राप्ति होती है। पंचामृत से स्नान कराने पर धर्म अर्थ काम मोक्ष और शिव जी की भक्ति की प्राप्ति होती है। हर सनातनी के जीवन में आनंद हो मंगल हो सुख हो, इसके लिए नर्मदेश्वर भगवान का अभिषेक किया जाएगा तथा उपस्थित शिव भक्तों को शिवलिंग वितरण किए जाएंगे। शिवरात्रि पर रात्रि जागरण का बड़ा महत्व है, इसलिए आश्रम में चारों पहर अभिषेक होगा। प्रथम प्रहर शाम 6:30 से 8:30, द्वितीय प्रहर 9:15 से 11:30, तृतीय पहर रात्रि 12:00 बजे से 2:30 बजे तक, चतुर्थ प्रहर रात्रि 03 बजे से सुबह 6:00 बजे तक अभिषेक होगा। संपूर्ण पूजन सामग्री की व्यवस्था माँ ललिता आश्रम सेवा समिति की ओर से होगी। शिव भक्त अभिषेक में पधार कर पुण्य लाभ अर्जित करें।

