सागर। शिक्षक दिवस के अवसर पर श्री बालाजी प्रभात जन सेवा समिति द्वारा 111 शिक्षकों का भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ख्यातिप्राप्त शिक्षक, सेवानिवृत्त शिक्षक, शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के शिक्षकों के साथ निःशुल्क कोचिंग देने वाले और विद्यार्थियों की मदद करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक शैलेंद्र जैन रहे, जबकि अध्यक्षता परमानंद कबीरपंथी ने की। मंच पर सरस्वती वंदना, पूजन एवं दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।
समिति अध्यक्ष एवं सामाजिक कार्यकर्ता रामेश्वर फोटोग्राफर ने मुख्य अतिथि विधायक शैलेंद्र जैन का श्रीफल, फूल-माला, शॉल व स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया। अध्यक्ष परमानंद कबीरपंथी का सम्मान उपाध्यक्ष विजय चंदू कोरी ने तिलक लगाकर, माला, श्रीफल व शॉल से किया। विशिष्ट अतिथियों शोभाराम राय, प्रतिभा चौबे, पार्षद नीरज गोलू कोरी, पार्षद आशा रानी जैन, बीर सेंट, जे.पी. कोरी, दिनेश तंतवाय, मुन्ना लाल मुनीम साव, पप्पू तिवारी, भावना तंतवाय, रामनरेश सिंह राजपूत, एम.डी. त्रिपाठी, भगतसिंह योगाचार्य, पी.आर. मलैया आदि का समिति सदस्यों दीपा प्रजापति, खुशी साहू, इन्द्रपाल रैकवार, चंदा साहू, राजेश कोरी, कमलेश ठेकेदार, मोनू भाई, राहुल नामदेव, एल.डी. कबीरपंथी सहित अन्य ने स्वागत-सम्मान किया।
अपने उद्बोधन में विधायक शैलेंद्र जैन ने पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जीवन पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि शिक्षक कभी रिटायर नहीं होते। एक ही मंच पर सेवानिवृत्त और वर्तमान शिक्षकों का सम्मान करना सराहनीय कार्य है। उन्होंने समिति के जनसेवा कार्यों की प्रशंसा की।
समिति सदस्यों ने बताया कि राष्ट्रपति पुरस्कार एवं मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित शिक्षकों सहित प्राइवेट व शासकीय स्कूलों के शिक्षकों का सम्मान किया गया। समिति विगत वर्षों से लगातार जनसेवा कार्य करती आ रही है।
कार्यक्रम का संचालन के.सी. तिवारी एवं भगतसिंह ने किया। इस अवसर पर उमाशंकर रैकवार, आशीष कोरी, शैलेन्द्र पटेल, यशोदा कोरी, चंदा साहू, दीपा कोरी, राहुल कोरी, प्रहलाद पवार, संतोष दीक्षित, भगवानदास रैकवार, कांशीराम कोरी, अरविंद सरवैया सहित बड़ी संख्या में समिति पदाधिकारी व समाजसेवी उपस्थित रहे।

