टीकमगढ़। थाना देहात क्षेत्र के ग्राम मवई बस स्टैंड पर स्थापित बाबा साहेब डॉ बीआर अंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त किए जाने के संवेदनशील मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश किया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
ग्राम मवई निवासी मुकेश अहिरवार पिता खड़ी अहिरवार उम्र 38 वर्ष ने ग्रामवासियों के हस्ताक्षरयुक्त लिखित आवेदन थाना देहात में दिया था। आवेदन में बताया गया था कि अज्ञात व्यक्ति ने बस स्टैंड पर स्थापित डॉ बीआर अंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर सामाजिक एवं धार्मिक भावनाओं को आहत किया है। शिकायत के आधार पर थाना देहात में विभिन्न धाराओं में बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक टीकमगढ़ सुधीर कुमार अग्रवाल ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी टीकमगढ़ को आरोपियों की तलाश कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह कुशवाहा और एसडीओपी राहुल कटरे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी देहात निरीक्षक चंद्रजीत यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपियों की पतारसी के लिए प्रयास तेज किए।
मुखबिर की सूचना पर धजरई से पकड़े
पुलिस के अनुसार 11 सितंबर 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर टीम ने ग्राम धजरई निवासी दो युवकों को पुलिस अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। इनमें राजेश लोधी पिता नारायणदास लोधी उर्फ खड़ी उम्र 33 वर्ष तथा अनिल कुमार लोधी उर्फ भज्जू पिता रामनाथ लोधी, उम्र 24 वर्ष शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में दोनों ने घटना में संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने मामले में आगे की विवेचना जारी रखी है।
Services And Contact
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

