पोषण माह के शुभारंभ पर निकाली गई जागरूकता रैली
संवाददाता प्रवीण गौर खास रिपोर्ट इटारसी/इटारसी [तवानगर], 9 सितंबर 2026। पोषण माह के शुभारंभ के अवसर पर आंगनवाड़ी केंद्र द्वारा तवानगर में पोषण जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस वर्ष पोषण माह की थीम “मेरी आंगनवाड़ी, मेरी जिम्मेदारी” है। रैली में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, बच्चे एवं उनके अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
रैली के माध्यम से संतुलित एवं पौष्टिक आहार, प्रोटीन युक्त भोजन, मोटे अनाजों के सेवन, एनीमिया से बचाव, स्वच्छता, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा कुपोषण से बचाव के संबंध में लोगों को जागरूक किया गया। प्रतिभागियों द्वारा पोषण संबंधी नारे लगाए गए तथा स्वस्थ एवं पौष्टिक आहार अपनाने का संदेश दिया गया।
इस दौरान दाल, चना, मूंगफली, दूध, अंडा आदि प्रोटीन युक्त खाद्य पदार्थों तथा बाजरा, ज्वार, रागी जैसे मोटे अनाजों के पोषण महत्व की जानकारी दी गई। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता द्वारा बच्चों, गर्भवती एवं धात्री माताओं के आहार में पौष्टिक खाद्य पदार्थों को शामिल करने की अपील की गई।
कार्यक्रम का उद्देश्य समुदाय में पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाना एवं कुपोषण मुक्त समाज के निर्माण में जनभागीदारी सुनिश्चित करना रहा। कार्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता नफीसा, रितू, मंजू, सोनम, अज़रा, शकुंतला तथा सहायिकाएँ लक्ष्मी, चंचल, भावना और कविता मौजूद रहीं।
