नर्मदापुरम/प्रदीप गुप्ता/ मंगलवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर नीरज कुमार सिंह ने आमजनों की समस्याओं को सुन उनका निराकरण किया। जनसुनवाई में 56 आवेदनो पर सुनवाई हुई। जिला पंचायत सीईओ एसएस रावत, अपर कलेक्टर मनोज कुमार ठाकुर सहित सभी विभागों के जिला अधिकारी जनसुनवाई में उपस्थित रहे। जनसुनवाई में जनपद माखननगर के ग्राम चपलासर निवासी सौरभ यादव ने प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजना के तहत स्वरोजगार के लिए ऋण राशि उपलब्ध कराने के लिए आवेदन दिया। जिस पर कलेक्टर श्री सिंह ने महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र को आवेदन की जांच कर आवेदक को पात्रता के तहत योजना में लाभ दिलाने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में सोहागपुर निवासी किरण मेहरा ने कलेक्टर श्री सिंह को बताया कि उनके पति का निधन हो चुका है। उनका एक पुत्र और पुत्री है जिनके स्कूल में एडमिशन के लिए समग्र आईडी की आवश्यकता है किंतु समग्र आईडी दिलवाने में पति के परिवार द्वारा सहयोग नहीं किया जा रहा है। जिससे उनके बच्चों का स्कूल में एडमिशन नहीं हो पा रहा है और उन्हें शासन की योजनाओं का लाभ भी नहीं मिल पा रहा है। जिस पर कलेक्टर श्री सिंह ने जिला शिक्षा अधिकारी नर्मदापुरम को आवश्यक समन्वय कर शीघ्र आवेदक का समग्र आईडी में नाम जुड़वाने एवं बच्चों का स्कूल में एडमिशन कराने के निर्देश दिए। नर्मदापुरम के तालनगरी निवासी राजेंद्र मिश्रा ने जनसुनवाई में आवेदन प्रस्तुत कर बताया कि उन्हें प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत नियमित किस्त प्राप्त हो रहा थी किंतु विगत चार किश्त नहीं मिली है, जिस पर कलेक्टर श्री सिंह ने तुरंत तहसीलदार ग्रामीण नर्मदापुरम से आवेदन की जांच कराई गई जिसमें पाया गया कि आवेदक को बैंक में उपस्थित होकर आधार सीडिंग कराना आवश्यक है। कलेक्टर श्री सिंह ने निर्देश दिए कि आवेदक की आधार सीडिंग की प्रक्रिया पूर्ण कर योजना के तहत राशि नियमित रूप से प्रदान की जाए । जनसुनवाई में ग्राम मेहराजाट निवासी संतराम कीर ने फसल नुकसानी का मुआवजा दिलाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। जिस पर कलेक्टर श्री सिंह ने तहसीलदार ग्रामीण को आवेदक के प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। ताकि फसल नुकसानी का भुगतान किया जा सके।जनसुनवाई में आए आवेदन के संबंध में कलेक्टर श्री सिंह ने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि ऐसे निजी स्कूल जिन्होंने कक्षाओं की पुस्तकों की सूची सार्वजनिक नहीं की है उन्हें सार्वजनिक करने के लिए निर्देशित करें। ताकि पुस्तक विक्रेताओं को समान रूप से लाभ मिल सके। जनसुनवाई में ग्राम झालसर निवासी सुंदर गिर ने आवेदन प्रस्तुत कर बताया कि आवेदन प्रस्तुत करने के पश्चात भी अभी तक नाम दुरुस्त करने की कार्यवाही नहीं की गई। जिस पर कलेक्टर श्री सिंह के निर्देशानुसार तहसीलदार माखननगर द्वारा आवेदक के नाम दुरुस्त करने के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की गई।जनसुनवाई में कलेक्टर श्री सिंह ने अवैध अतिक्रमण , किसानों को शेष भुगतान , योजना में पात्र हितग्राहियों को लाभांवित करने के सहित अन्य आवेदनों के संबंध में संबंधित अधिकारियों को शीघ्र कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

