टीकमगढ़। शहर के सागर मार्ग पर स्थित गोंगावेर हनुमान मंदिर प्रांगण मे चल रही श्रीमद् भागवत कथा और श्री जानकी यज्ञ के दौरान भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है जहां संगीतमय कथा का रसपान करने के लिए नगरवासी क्षेत्रवासी धर्म प्रेमी कथा स्थल पर पहुंचकर कथा सुन रहे हैं और धर्म लाभ अर्जित कर रहे हैं। कथा के चौथे दिवस मंगलवार को कथा व्यास अभ्येस्वर प्रपन्नाचार्य ने भगवान के जन्मोत्सव की कथा सुनाई। इस अवसर पर भगवान श्री कृष्ण जी का जन्म उत्सव धूमधाम से मनाया गया। कथा के दौरान जैसे भगवान का जन्म हुआ तो पूरा पंडाल नंद के आनंद भयो जय कन्हैया लाल की के जयकारों से गूंज उठा। उपस्थित श्रोता झूमने-नाचने लगे। भगवान श्रीकृष्ण की वेश में नन्हें बालक के दर्शन करने के लिए लोग लालायित नजर आ रहे थे। भगवान के जन्म की खुशी पर महिलाओं द्वारा अपने घरों से लगाए गए गुड़ के लड्डूओं से भगवान को भोग लगाया गया। वहीं माखन मिश्री का प्रसाद लगाया गया। इस अवसर पर कथा व्यास अभ्येश्वर प्रपन्नाचार्य महाराज ने कहा कि जब धरती पर चारों ओर त्राहि-त्राहि मच गई, चारों ओर अत्याचार, अनाचार का साम्राज्य फैल गया तब भगवान श्रीकृष्ण ने देवकी के आठवें गर्भ के रूप में जन्म लेकर कंस का संहार किया। इस अवसर पर उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण की विभिन्न बाल लीलाओं का वर्णन किया। कथा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे। आयोजन समिति के पुष्पेंद्र यादव, रोहित बिरथरे,अमित तिवारी ने बताया कि उक्त कार्यक्रम का समापन 29 अप्रैल 2023 को जानकी प्रकत्योत्सव के बाद विशाल भंडारे के साथ किया जाएगा।
Services And Contact
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

