टीकमगढ़ । माननीय राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं म.प्र.राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार दिनांक 13 मई 2023 को नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। नेशनल लोक अदालत की शुरुआत माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश हितेन्द्र सिंह सिसौदिया द्वारा ए.डी.आर. भवन जिला न्यायालय में प्रातः 10.30 बजे की जाएगी। जिसमें जनसामान्य सम्मिलित होकर अपने-अपने विक्रम आपसी समझौते पर निराकरण करा सकते हैं। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश माननीय हितेंद्र सिंह सिसोदिया ने जन सामान्य से यह अपील की है कि नेशनल लोक अदालत में आकर इसका भरपूर लाभ उठाएं और नेशनल लोक अदालत में न्यायालय के राजीनामा योग्य लंबित प्रकरणों का अधिक संख्या में निराकरण कराऐं। लोक अदालत में न्यायालय में राजीनामा योग्य लगभग 2200 प्रकरणों एवं बैंक, नगर पालिका के लगभग प्रीलिटीगेशन प्रकरणों 4000 के निराकरण हेतु सम्पूर्ण जिले में कुल 28 खण्डपीठों का गठन किया गया है जिसमें मुख्यालय पर माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश माननीय हितेन्द्र सिंह सिसौदिया की खण्डपीठ सहित 13 न्यायिक तथा एक पुलिस परामर्श केन्द्र टीकमगढ़ हेतु खण्डपीठों का गठन किया गया। इसी प्रकार जतारा में 05 न्यायिक खण्डपीठ, निवाड़ी में 06 न्यायिक खण्डपीठ, एक पुलिस परामर्श केन्द्र निवाड़ी हेतु खण्डपीठ एवं ओरछा में 02 न्यायिक खण्डपीठ का गठन किया गया। गठित खण्डपीठों के माध्यम से न्यायालय मे लंबित राजीनामा योग्य आपराधिक शमनीय मामले, चैक बाउंस, बैंक रिकवरी, मोटर दावा अधिकरण संबंधी मामले, विद्युत विवाद के प्रकरण, वैवाहिक एवं पारिवारिक विवाद संबंधी प्रकरण, भू-अधिग्रहण संबंधी प्रकरण एवं समस्त प्रकार के सिविल प्रकरणों के साथ ही बैंक रिकवरी, नगर पालिका, जलकर, विद्युत संबंधी प्रीलिटीगेेशन प्रकरणों का भी निराकरण किया जाएगा। माननीय हितेन्द्र सिंह सिसौदिया प्रधान जिला न्यायाधीश,अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं अपर सत्र न्यायाधीश व सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण विनोद कुमार पाटीदार द्वारा आम जन से अपील की गई कि इच्छुक पक्षकार स्वयं अथवा अपने अधिवक्ता के माध्यम से आयोजित नेशनल लोक अदालत का अधिक से अधिक संख्या में अपने-अपने प्रकरणों का निराकरण कराकर लाभ उठावे। प्रेस को यह तमाम जानकारी जिला विधिक सहायता अधिकारी द्वारा प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी गई है।

