टीकमगढ़। शुक्रवार को भाजपा नेता प्रजातंत्र गंगेले ने प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया। उन्होंने बताया कि 20 मई से वह टीकमगढ़ विधानसभा में जन सम्मान प्रजातंत्र संकल्प पदयात्रा शुरू करेंगे। यह पदयात्रा करीब 1 माह तक चलेगी इस दौरान यह पद यात्रा विधानसभा के 165 गांव में भ्रमण करेंगे।
दरअसल विधानसभा चुनावों की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। भाजपा-कांग्रेस सहित विभिन्न राजनैतिक दलों के कार्यकर्ताओं ने विधायक का टिकट हासिल करने के लिए अपने-अपने तरीके से प्रयास शुरू कर दिए हैं। शुक्रवार को भाजपा नेता प्रजातंत्र गंगेले ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया कि 20 मई से जिले के विकास के मुद्दों को लेकर जन सम्मान प्रजातंत्र संकल्प पदयात्रा निकाली जाएगी। इस दौरान गांव-गांव जाकर जिले को नई पहचान दिलाने के लिए लोगों से समर्थन मांगा जाएगा। साथ ही लोगों के सुझाव भी एकत्रित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि 20 मई को पदयात्रा की शुरुआत टीकमगढ़ विधानसभा के राजगढ़ गांव से शुरू की जाएगी। 20 मई से लेकर 20 जून तक 1 माह के दौरान विधानसभा के 165 गांव में भ्रमण कर जनता से संवाद करेंगे। यात्रा के दौरान ग्रामीण क्षेत्र के लोगों से जिले में भ्रष्टाचार समाप्त करने मेडिकल कॉलेज खोले जाने पेयजल और सिंचाई के पानी की समस्या का समाधान करने सहित लघु उद्योग धंधे और फूड प्रोसेसिंग यूनिट लगाकर रोजगार उपलब्ध कराने के संबंध में चर्चा की जाएगी।
आयोजित हुई इस प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भाजपा नेता ने कहा कि राजनीतिक दलों में बढ़ते परिवारवाद से पार्टियों को नुकसान हो रहा है। एक ही परिवार में सभी पद पहुंच जाने से सत्ता एक ही परिवार के हाथ में सिमट कर रह जाती है। जिससे जनता स्वयं को ठगा सा महसूस करती है। यात्रा के दौरान लोगों को परिवारवाद के खिलाफ लड़ाई लड़ने के लिए संकल्पित किया जाएगा। ताकि पार्टी के लिए जी जान लगाने वाले कार्यकर्ताओं को भी आगे बढ़ने का मौका मिल सके।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

