टीकमगढ़ । प्रदेश का विमानन विभाग टीकमगढ़ में हवाई पट्टी का निर्माण कराने के लिये जिला प्रशासन से कई बार पत्राचार कर हवाई पट्टी के लिये चयनित भूमि को अतिक्रमण मुक्त कर विभाग को वस्तुस्थिति से अवगत कराने के लिये लिख चुका है और कलेक्टर सुभाष कुमार द्विवेदी भी एसडीएम जतारा और तहसीलदार मोहनगढ़ को पिछले डेढ़ वर्षों में 29 दिसम्बर 2021, 13 अप्रैल 2023 एवं हाल ही में 18 मई 2023 को हवाई पट्टी की भूमि से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दे चुके हैं, परन्तु जिला प्रशासन द्वारा केवल कागजी घोड़े ही दौड़ाये जा रहे हैं। अतिक्रमण हटाने की दिशा में धरातल पर कोई भी ठोस कार्यवाही नहीं की जा रही है जिस कारण जिलेवासियों का ड्रीम प्रोजेक्ट हवाई पट्टी का निर्माण अधर में लटका नजर आ रहा है। उक्त मामले में कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए भाजपा नेता विकास यादव ने कहा है कि मैंने अपने 16 वर्षों के राजनैतिक कार्यकाल में कभी भी इतना लाचार शासन-प्रशासन नहीं देखा है।
जबकि केन्द्रीय नागरिक उड्डयन एवं इस्पात मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, क्षेत्रीय सांसद व सामाजिक और अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेन्द्र कुमार और प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री विश्वास सारंग भी पत्र लिख चुके हैं इसके बाद भी जिला प्रशासन द्वारा हवाई पट्टी की भूमि से अतिक्रमण नहीं हटाया जा रहा है, यह अत्यन्त दुर्भाग्यपूर्ण है। श्री यादव ने आगे कहा कि जल्द ही एक प्रतिनिधिमण्डल प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात कर जिले में पदस्थ निष्क्रिय, लापरवाह अधिकारियों पर अनुशासनात्मक कार्यवाही करने के लिये पत्र सौपेगा। भाजपा नेता विकास यादव ने प्रेस को यह तमाम जानकारी प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी है एवं जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली पर तमाम आरोप लगाए हैं।
Services And Contact
Latest News
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

