टीकमगढ़। एसपी रोहित काशवानी के नेतृत्व में शनिवार को फ्लैग मार्च निकाला गया। लोगों में पुलिस के प्रति विश्वास कायम करने के उद्देश्य से फ्लैग मार्च निकाला गया था। इस दौरान पुलिस अधीक्षक सहित पुलिस के सभी बड़े अधिकारियों के साथ ही बड़ी संख्या में पुलिस जवान भी मौजूद रहे। पुलिस का फ्लैग मार्च कोतवाली थाना क्षेत्र से रवाना होकर क्षेत्र के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरा। फ्लैग मार्च के माध्यम से पुलिस ने लोगों को जिले में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने को लेकर विश्वास जताया। इस दौरान एसपी रोहित कशवानी ने बताया कि लोगों में पुलिस के प्रति विश्वास और अपराधियों में पुलिस का खौफ पैदा करने को लेकर जिले की पुलिस प्रयासरत है। इसी कड़ी में पुलिस ने शहर के दुकानदारों से बातचीत की और दुकानदारों को सीसीटीवी कैमरे लगाने की सलाह दी । उन्होंने कहा कि अधिकतर आपराधिक घटना रात के अंधेरे में होती है। ऐसे में अगर रात के अंधेरे में पुलिस गश्त करेगी तो अपराधियों के हौसले पस्त होंगे। जिससे आपराधिक घटनाओं में भी कमी आएगी। इस दौरान SP रोहित काशवानी ने जिले में बढ़ती चोरी व वाहन चोरियों की घटनाओं पर सख्ती से अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करने की भी बात कही। इसी के साथ ही उन्होंने कहा कि अब जिला पुलिस पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है और अपराध करने वाले किसी भी अपराधी को नहीं बख्शा जाएगा।