दोपहर ब्रेकिंग: इटारसी में बेखौफ बदमाशों का तांडव, सिटी थाने से महज 200 मीटर दूर ओवरब्रिज पर दो युवकों को लाठी-डंडों से पीटा I
इटारसी। शहर के अति-व्यस्त और सुरक्षित माने जाने वाले इलाके में आज उस वक्त हड़कंप मच गया, जब सिटी थाने से महज 200 मीटर की दूरी पर स्थित रेलवे ओवरब्रिज पर बेखौफ युवकों ने फिल्मी स्टाइल में वारदात को अंजाम दिया।
बताया जा रहा है कि अचानक आए दबंग युवकों की टोली ने ओवरब्रिज पर दो युवकों को घेर लिया और उन पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। दिनदहाड़े हुई इस मारपीट से ओवरब्रिज पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और राहगीर सहम गए। बदमाशों ने युवकों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और लहूलुहान अवस्था में पड़े दोनों घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। सिटी थाने के इतने करीब हुई इस वारदात से पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
पत्रकार कुणाल पासवान

