जतारा। जनपद पंचायत जतारा की ग्राम पंचायत केशवगढ़ में अमृत वाटिका के संरक्षण और सौंदर्यीकरण के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। ग्राम पंचायत की सरपंच श्रीमती शशि जैन द्वारा वर्ष 2024 में स्थापित की गई अमृत वाटिका को अब और अधिक सुरक्षित और आकर्षक बनाया जा रहा है।
सरपंच प्रतिनिधि पुष्पेंद्र जैन ने बताया कि वर्ष 2025 में वाटिका की सुरक्षा के लिए जाली लगाई गई थी, जिसे स्कूली बच्चों द्वारा क्षतिग्रस्त कर दिया गया था। जाली टूटने के बाद उसे एक ओर हटा दिया गया था।
अब 3 अक्टूबर 2026 को सरपंच प्रतिनिधि पुष्पेंद्र जैन द्वारा वाटिका में पुनः नई जाली लगाई गई है। इसका उद्देश्य बच्चों को जाली पर चढ़कर अंदर जाने से रोकना और वाटिका को सुरक्षित रखना है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 में अमृत वाटिका को और अधिक सुंदर बनाने का लक्ष्य है, ताकि यह टीकमगढ़ जिले की सुंदर अमृत वाटिकाओं में एक मिसाल बन सके। साथ ही वाटिका के समीप सार्वजनिक पंचायत और सामुदायिक गतिविधियों के लिए स्थान विकसित किया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों को कार्यक्रमों के लिए बेहतर जगह मिल सके।

