केन्द्रीय विद्यालय 1 की प्राचार्य 3 लाख की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार, CBI भोपाल की बड़ी कार्रवाई I
इटारसी। शहर के केंद्रीय विद्यालय क्रमांक 1 ऑर्डिनेंस फैक्ट्री (OFAI) में सीबीआई (CBI ACB भोपाल) की टीम ने बड़ी छापामार कार्रवाई करते हुए विद्यालय की प्राचार्य श्रद्धा पाठक को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से शिक्षा जगत और प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मच गया है।
प्राचार्य श्रद्धा पाठक पर बिल पास करने के एवज में 3 लाख रुपये की भारी-भरकम रिश्वत मांगने का आरोप है। सीबीआई की टीम ने प्राचार्य के साथ-साथ इस पूरे मामले में संलिप्त विद्यालय के एक कर्मचारी सराठे पर भी शिकंजा कसा है।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, भोपाल की एक पीड़ित फर्म ने केंद्रीय विद्यालय 1 में अपनी सेवाएं/सामग्री दी थी, जिसके बकाया बिलों के भुगतान के लिए लंबे समय से चक्कर कटवाए जा रहे थे। बिल पास करने की एवज में प्राचार्य श्रद्धा पाठक द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही थी।
परेशान होकर पीड़ित फर्म ने इसकी शिकायत सीबीआई (भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, भोपाल) से की। शिकायत का सत्यापन करने के बाद, सीबीआई टीम ने जाल बिछाया और योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए प्राचार्य को रिश्वत की राशि के साथ धर दबोचा।
आज का विचार
“भ्रष्टाचार कितना भी ताकतवर या ऊंचे पद पर क्यों न बैठा हो, कानून के हाथों से कभी बच नहीं सकता। ईमानदारी का रास्ता कठिन ज़रूर हो सकता है, लेकिन सत्य की जीत तय है।”
रिपोर्ट: पत्रकार कुणाल पासवान

