प्रदीप गुप्ता/नर्मदापुरम/राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती 2 अक्टूबर के अवसर पर जनजातीय कार्य विभाग के द्वारा ब्लॉक केसला के ग्राम सहेलीस्थित शासकीय हाईस्कूल में अस्पृश्यता निवारणार्थ सद्भावना शिविर एवं नशा मुक्ति अभियान कार्यक्रम आयोजित किया गया। अतिथियों द्वारा महात्मा गांधी, डॉक्टर भीमराव अंबेडकर, लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई। कार्यक्रम में लाल परेड ग्राउंड भोपाल में आयोजित प्रदेशव्यापी नशा मुक्ति अभियान कार्यक्रम के सीधे प्रसारण के जरिए उपस्थित अतिथियों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के उद्बोधन को देखा और सुना गया। इस अवसर पर कलेक्टर नीरज कुमार सिंह, जनपद अध्यक्ष गंगाराम कलमे, जनपद उपाध्यक्ष अर्चना महतो, जिला पंचायत सदस्य ज्योत्सना पटेल, सीमा कासदे, उमेश यादव , एसडीएम मदन रघुवंशी, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्रीमती चंद्रकांता सिंह , जनपद सीईओ सुश्री वंदना कैथल, जनपद सदस्यगण आदि अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस अवसर पर कलेक्टर नीरज कुमार सिंह ने कहा कि सद्भावना दिवस का यह कार्यक्रम संविधान में निहित समानता के अधिकार के प्रभावी क्रियान्वयन का माध्यम है। सद्भावना का यह संदेश समाज में कई वर्षों से स्थापित रूढ़िवादी मानसिकता ,अस्पृश्यता जैसी कुरीतियों को स्वयं से दूर करने तथा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी , डॉ भीमराव अंबेडकर , लाल बहादुर शास्त्री के पद चिन्हों पर चल समाज को एकरूप भाव से देखना सिखाता है। यह संदेश 1 दिन,1 साल नहीं बल्कि पूरे जीवन के लिए महत्वपूर्ण सीख देता है। सद्भावना के संदेश को अपने जीवन में उतारे। लोगों को जातिगत पैमाने पर ना देखकर उन्हें देश के नागरिक के रूप में देखें और एक साथ मिलकर देश के विकास पथ पर आगे बड़े। कलेक्टर श्री सिंह ने अपने उद्बोधन में नशे के दुष्प्रभावो के बारे में भी जानकारी देकर लोगों को जागरूक किया और नशा मुक्ति का संकल्प दिलाया। कार्यक्रम में अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने सहभोज कर सामाजिक समरसता का संदेश दिया।
कार्यक्रम में शासकीय हाई स्कूल सहेली एवं अन्य विद्यालयों के छात्र छात्राओं ने अस्पृश्यता के खिलाफ और देशभक्ति से ओतप्रोत शानदार नृत्य और गायन की प्रस्तुतियां दी। कार्यक्रम में निबंध लेखन एवं भाषण प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। साथ ही स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास विभाग एवं अन्य विभागों द्वारा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे लोगों को बताया। निबंध लेखन एवं भाषण प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार भेंट कर प्रोत्साहित किया गया।
Services And Contact
Latest News
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

