प्रदीप गुप्ता / नर्मदापुरम / कलेक्टर नीरज कुमार सिंह ने गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान की विस्तार से समीक्षा कर सभी जनपद सीईओ एवं सीएमओ को निर्देशित किया कि वे जनसेवा शिविरों में प्राप्त आवेदनों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करें। नगरीय क्षेत्रों के प्रत्येक वार्ड में शिविरों के आयोजन के साथ उनकी निर्धारित पोर्टल पर एंट्री भी की जाए। अभियान के तहत बी वन वाचन का कार्य भी करें। उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में कैंप लगाकर पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाएं जाए। कलेक्टर श्री सिंह ने सभी विभागों के जिला अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे जनसेवा अभियान के तहत आयोजित शिविरों में प्राप्त आवेदनों के निराकरण की प्रमाणीकरण रिपोर्ट देना सुनिश्चित करें। बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि 11 अक्टूबर को उज्जैन में महाकाल लोक के लोकार्पण का भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम की जिले में भी सभी तैयारियां करें। इस दिन सभी प्रमुख मंदिरों में आकर्षक साज-सज्जा, दीप प्रज्वलन एवं भजन संध्या के कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। उज्जैन में आयोजित होने वाले कार्यक्रम के सीधे प्रसारण की भी व्यवस्था सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सभी एसडीएम स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं पुजारियों के साथ बैठक भी आयोजित करें। बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि सभी शासकीय कर्मचारी दो पहिया वाहन चलाने के दौरान हेलमेट अनिवार्य रूप से पहने।बैठक में जिला पंचायत सीईओ मनोज सरियाम, अपर कलेक्टर मनोज सिंह ठाकुर, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती वंदना जाट सहित सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

